भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर मनाया जनजाति गौरव दिवस कलश यात्रा निकाली, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां; जनप्रतिनिधियों ने बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को किया याद

मंदसौर। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को जनजाति कार्य विभाग की ओर से जिला स्तरीय जनजाति गौरव दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान कलश यात्रा निकाली गई तथा सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी देखा और सुना गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा और मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। जनजाति कार्य विभाग की जिला संयोजक अंगूरबाला चौहान ने स्वागत उद्बोधन देते हुए भगवान बिरसा मुंडा जयंती की शुभकामनाएं दीं। जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन, संघर्ष और समाज सुधार के लिए किए गए कार्य सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अंग्रेजों के अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाई और अपने वैचारिक व संगठनात्मक सामर्थ्य से अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिलाने का काम किया। कम उम्र में उन्होंने जो इतिहास रचा, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा है। हमें उनके आदर्शों पर चलते हुए देश की एकता, अखंडता और भारतीय संस्कृति की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र और समाज हित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को भी महापुरुषों के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराना जरूरी है। शिक्षा और पर्यावरण सहित हर क्षेत्र में सकारात्मक योगदान देना चाहिए। जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित ने कहा कि बिरसा मुंडा ने सामान्य मानव से महामानव तक का सफर तय किया। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में जनजातीय समाज के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने भगवान बिरसा मुंडा को महान क्रांतिकारी और वीर योद्धा बताते हुए कहा कि उनके सिद्धांतों, उद्देश्यों और कर्मठता को जन-जन तक पहुंचाने का काम सरकार कर रही है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, एसडीएम शुभम पाटीदार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Nov 16, 2026 - 08:11
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0