बरखेड़ा उदा में स्कॉर्पियो की बॉडी से मिले 1.29 करोड़ रुपए बिना नंबर की कार में गुप्त जगह बनाकर छिपाई थी नकदी, तीन लोग हिरासत में; कार सहित 1.49 करोड़ की संपत्ति जब्त
शामगढ़। मंदसौर जिले के शामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा उदा में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की काले रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन कार से 1 करोड़ 29 लाख रुपए की नकदी जब्त की है। यह रकम कार की बॉडी में बनाए गए गुप्त स्थानों पर छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लेकर करीब 20 लाख रुपए कीमत की कार भी जब्त की है। नकदी और कार सहित जब्त संपत्ति का कुल मूल्य करीब 1 करोड़ 49 लाख रुपए बताया गया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बरखेड़ा उदा के सरपंच भवानीशंकर मीणा के घर के पीछे बने बाड़े में बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो-एन खड़ी है, जिसमें बड़ी मात्रा में नकदी छिपाई गई है। सूचना में रकम का संबंध मादक पदार्थों की तस्करी से होने की आशंका भी जताई गई थी। इसके बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। बाड़े में कार के साथ तीन लोग मिले। पूछताछ में उनकी पहचान भवानीशंकर मीणा (49), निवासी बरखेड़ा उदा, तथा मोहम्मद इस्लाम (47) और सूर्यप्रकाश (59), दोनों निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, तीनों कार और नकदी के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद उन्हें कार सहित शामगढ़ थाने लाया गया। थाने में कार की तलाशी के लिए मैकेनिक को बुलाया गया। कार की बॉडी खोलकर जांच करने पर उसके भीतर बनाए गए गुप्त स्थानों में नकदी छिपी मिली। पुलिस ने रकम की गिनती कराई, जिसमें कुल 1 करोड़ 29 लाख रुपए पाए गए। इसके बाद नकदी और करीब 20 लाख रुपए कीमत की स्कॉर्पियो-एन को जब्त कर लिया गया। पुलिस अब तीनों से नकदी के स्रोत और उसे ले जाने के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दी जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रकम कहां से लाई गई थी और इसका इस्तेमाल कहां किया जाना था। मादक पदार्थों की तस्करी से रकम अर्जित किए जाने की आशंका सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। नकदी के वास्तविक स्रोत और किसी अवैध गतिविधि से उसके संबंध का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

