अफीम लाइसेंस वितरण प्रक्रिया का सांसद सुधीर गुप्ता ने किया औचक निरीक्षण

मंदसौर। मंदसौर-जावरा संसदीय क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता ने मंदसौर स्थित नारकोटिक्स कार्यालय पहुंचकर वर्ष 2026-27 की अफीम लाइसेंस वितरण प्रक्रिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लाइसेंस वितरण से संबंधित कार्यों और प्रक्रियाओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों से पूरी व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की। सांसद गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अफीम किसानों को लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यालय में संचालित हेल्प डेस्क पर किसानों को स्पष्ट और समुचित जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें परेशानी न हो और इधर-उधर भटकना न पड़े। विभागीय अधिकारी और कर्मचारी किसानों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करें तथा लाइसेंस वितरण की पूरी प्रक्रिया में उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करें। निरीक्षण के दौरान सांसद ने कार्यालय पहुंचे अफीम किसानों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याओं, सुझावों एवं कठिनाइयों को गंभीरता से सुना। किसानों द्वारा बताई गई समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के सामने रखते हुए उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने ऑनलाइन प्रक्रिया पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र किसान को आवेदन या दस्तावेजों में तकनीकी त्रुटि के कारण परेशानी नहीं होनी चाहिए। अधिकारी ऑनलाइन प्रक्रिया की नियमित निगरानी करें और प्रत्येक किसान का काम नियमानुसार एवं सुगमता से पूरा कराएं। सांसद गुप्ता ने किसानों से कहा कि लाइसेंस वितरण प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर वे सीधे उनसे अथवा उनके कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं, ताकि समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर शीघ्र निराकरण कराया जा सके। इस अवसर पर सांसद ने जिला अफीम अधिकारी प्रथम खंड बी.एन. कुमार और द्वितीय खंड अधिकारी अतनु चटर्जी से भी चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के सभी पात्र अफीम किसानों को नियमानुसार सुगमता से लाइसेंस उपलब्ध कराए जाएं। निर्धारित मापदंडों और नियमों का पूरी ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।

Nov 6, 2026 - 09:34
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0