धनतेरस पर मंदसौर के बाजारों में उमड़ी भीड़, जमकर हुई खरीदारी खिलचीपुरा में कुबेर दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब, दो मंदिरों में करोड़ों के नोटों से हुआ श्रृंगार

मंदसौर। नगर में धनतेरस का पर्व श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ परंपरागत रूप से मनाया गया। पांच दिवसीय दीपावली पर्व की शुरुआत धनतेरस से मानी जाती है। इस दिन बाजारों में खरीदारी को शुभ माना जाता है। व्यापारी नए बही-खातों की खरीदारी कर उनका पूजन करते हैं, वहीं आमजन शगुन के रूप में चांदी, सोने और बर्तनों की खरीदारी करते हैं। इसी परंपरा के चलते शुक्रवार को मंदसौर के बाजारों में सुबह से ही रौनक छाई रही। सोने-चांदी की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ी तो बर्तनों, वस्त्रों, सौंदर्य प्रसाधन और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी अच्छी खासी चहल-पहल रही। दोपहिया वाहन शोरूम पर भी शुभ मुहूर्त में नए वाहनों की खरीदारी हुई। वाहन खरीदने के साथ उनकी पूजा-अर्चना का क्रम भी चलता रहा। बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए विशेष यातायात व्यवस्था की गई थी। कई स्थानों पर चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया। बाजारों में हुई जमकर खरीदारी से व्यापारियों के चेहरे भी खिले नजर आए। आमजन में भी पर्व को लेकर खासा उत्साह और प्रसन्नता दिखाई दी। खिलचीपुरा में कुबेर दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब धनतेरस पर खिलचीपुरा स्थित श्री धवलेश्वर महादेव मंदिर के गर्भगृह में स्थापित भगवान कुबेर की प्राचीन प्रतिमा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। धनतेरस के अवसर पर मंदसौर ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों और दूरदराज के शहरों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। श्रद्धालु भगवान कुबेर के दर्शन कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन करते हैं। मंदिर में ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 3 बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दिन चढ़ने के साथ भीड़ बढ़ती गई और दिनभर दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं के आने का क्रम देर तक जारी रहा। प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी सामान्य श्रद्धालुओं की तरह पहुंचकर दर्शन किए। कलेक्टर दिव्यांक सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार मीना ने भी खिलचीपुरा पहुंचकर धवलेश्वर महादेव मंदिर में भगवान कुबेर की प्रतिमा के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। दो मंदिरों में करोड़ों के नोटों से किया गया श्रृंगार धनतेरस पर इस वर्ष मंदसौर में विशेष आकर्षण देखने को मिला। रतलाम के महालक्ष्मी मंदिर की तर्ज पर पहली बार नगर के दो मंदिरों में माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की प्रतिमाओं का नोटों तथा आभूषणों से भव्य श्रृंगार किया गया। इस अनूठे आयोजन को देखने के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। अग्रवाल समाज देसी पंचायत की ओर से नरसिंहपुरा क्षेत्र स्थित श्री लक्ष्मी नरसिंह मंदिर में माता लक्ष्मी की प्रतिमा का लगभग पांच करोड़ रुपये के नोटों और आभूषणों से भव्य श्रृंगार किया गया। आकर्षक साज-सज्जा के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो दिनभर जारी रहा। इसी प्रकार न्यायालय परिसर स्थित श्री न्यायपति द्वारकाधीश बालाजी मंदिर परिसर में स्थापित माता लक्ष्मी और भगवान कुबेर की प्रतिमाओं का भी लगभग एक करोड़ रुपये के नोटों से भव्य श्रृंगार किया गया। यहां 11 नवंबर तक श्रद्धालु इस विशेष श्रृंगार के दर्शन कर सकेंगे। दोनों मंदिरों में शाम को विशेष महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

Nov 7, 2026 - 09:44
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0