युवा संसद का धर्मराजेश्वर मंदिर परिसर में समापन, मंत्री इंदर सिंह परमार ने युवाओं से किया नवाचार का आह्वान
मंदसौर। जिले में आयोजित भारतीय राष्ट्रीय युवा संसद अधिवेशन का समापन सोमवार को चंदवासा स्थित धर्मराजेश्वर मंदिर परिसर में हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने युवाओं से समाजोपयोगी नवाचार करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में योग आयोग अध्यक्ष राघवेंद्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, सुवासरा विधायक हरदीपसिंह डंग, गरोठ विधायक चंदर सिंह सिसोदिया, पूर्व विधायक देवीलाल धाकड़, दिलीप सखलेचा, प्रदीप पाण्डेय, आशुतोष जोशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका मुकेश गिरी गोस्वामी, रणजीत सिंह, छत्तर सिंह, अजय सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष कविता यादव, सरपंच बनास कुंवर एवं एसडीएम राहुल चौहान सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंत्री परमार ने कहा कि युवा जैसा सोचते हैं, वैसा ही भविष्य बनाते हैं। उन्हें समाज की समस्याओं के समाधान के लिए नवाचार करना चाहिए और लोगों के जीवन में सरलता एवं खुशहाली लाने के प्रयास करने चाहिए। सभी भाषाओं का सम्मान करने के साथ बिजली और जल संरक्षण तथा पर्यावरण सुरक्षा पर भी ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान की चिंता की थी। इसी भावना के अनुरूप गरीबों के जीवन में बदलाव लाना हमारा लक्ष्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में योग आयोग अध्यक्ष राघवेंद्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, विधायक हरदीपसिंह डंग एवं चंदर सिंह सिसोदिया, पूर्व विधायक देवीलाल धाकड़ तथा आशुतोष जोशी ने भी विचार व्यक्त किए। युवा संसद में प्रतिभागियों ने योगाभ्यास किया तथा मंत्री परमार ने युवाओं से संवाद कर उनके प्रश्नों के उत्तर दिए। रितेश गुप्ता, माधुरी चौहान, प्रवीण आक्या जैन, प्रदीप सैनी, अजय शशांक एवं ऋषिकेश ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे। इस दौरान मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों ने भगवान धर्मराजेश्वर के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा भीम गुफा का अवलोकन किया। उन्होंने आयुष विभाग की प्रदर्शनी भी देखी और परिसर में पौधारोपण किया। धर्मपुरी गोस्वामी ने लोकगीत एवं लोकसंगीत की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

