दीपावली पर मंदसौर के मुख्य बाजारों में 5 से 8 नवंबर तक वाहनों की नो एंट्री, पार्किंग के लिए स्थान तय
मंदसौर। दीपावली पर बाजारों में बढ़ने वाली ग्राहकों की भीड़ और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख बाजारों के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। यह व्यवस्था 5 से 8 नवंबर तक प्रभावशील रहेगी। इसके तहत कालिदास मार्ग, घंटाघर और सदर बाजार क्षेत्र में सुबह 10 से रात 9 बजे तक तीन पहिया, ऑटो रिक्शा और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने ग्राहकों और व्यापारियों से निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है।
इन मार्गों से होगा वाहनों का डायवर्शन
यातायात पुलिस के अनुसार, भारत माता चौराहा, अर्जुन चाट दुकान, परंपरा ज्वेलर्स, शुक्ला चौक, जगतपुरा चौराहा, प्रतापगढ़ पुलिया और कालिका माता मंदिर सहित विभिन्न स्थानों से सदर बाजार, सम्राट मार्केट और कालिदास मार्ग की ओर जाने वाले तीन पहिया और चार पहिया वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। मुख्य बाजार क्षेत्र में ऑटो रिक्शा और चार पहिया वाहनों का प्रवेश यातायात मानचित्र के अनुसार पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
कालाखेत और प्रतापगढ़ पुलिया के पास पार्किंग
मुख्य बाजारों में आने वाले ग्राहकों के वाहनों की पार्किंग के लिए कालाखेत मैदान और प्रतापगढ़ पुलिया के पास खाली मैदान निर्धारित किए गए हैं। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से मुख्य बाजारों में बड़े वाहनों का उपयोग नहीं करने और दुकानों के सामने दोपहिया वाहन खड़े नहीं करने की अपील की है। इससे बाजारों में यातायात सुचारू रहेगा और ग्राहकों को खरीदारी के दौरान परेशानी नहीं होगी।
दोपहिया वाहनों की आवाजाही रहेगी जारी
त्योहार के दौरान बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही सुगम बनाए रखने के लिए दोपहिया वाहनों का आवागमन सामान्य दिनों की तरह जारी रहेगा। व्यापारियों की सुविधा को देखते हुए माल लाने-ले जाने वाले छोटे पिकअप वाहनों को परिस्थितियों के अनुसार प्रवेश की अनुमति दी जा सकती है। व्यापारियों से दुकानों पर माल उतारने की व्यवस्था सुबह 10 बजे से पहले अथवा रात 9 बजे के बाद करने का अनुरोध किया गया है।