पूर्व नपा उपाध्यक्ष के यहां हुई सोयाबीन चोरी का खुलासा, 8.15 लाख का माल जब्त
मंदसौर। शहर में पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष इंद्र मोहन सैनी के यहां हुई सोयाबीन चोरी की वारदात का नई आबादी पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 16 क्विंटल 40 किलोग्राम सोयाबीन और चोरी में इस्तेमाल महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 8 लाख 15 हजार रुपए बताई गई है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को सीतामऊ फाटक ब्रिज के नीचे बने ब्लॉक से अज्ञात आरोपी सोयाबीन चोरी कर ले गए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर नई आबादी थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर श्रवण मोंगिया को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी श्रवण पिता रामचंद्र मोंगिया (21), निवासी नई आबादी अफजलपुर ने पूछताछ में अपने दो साथियों हंसराज पिता बाबुसिंह उर्फ बाबुलाल मोंगिया और राकेश पिता भोमसिंह मोंगिया, निवासी रंगाराखेड़ी, थाना कानवन, जिला धार के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सोयाबीन और वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन जब्त किया। दोनों अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस के अनुसार, श्रवण मोंगिया ने पूछताछ में मंदसौर जिले के अफजलपुर और सीतामऊ के अलावा रतलाम जिले के असावती क्षेत्र में सोयाबीन और लहसुन चोरी की वारदातों में शामिल होना भी बताया है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर अफजलपुर थाने में उसके खिलाफ चोरी और नकबजनी के चार पुराने मामले दर्ज होना सामने आया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

