आईआईटी की टीम बनाएगी शहर का ट्रैफिक प्लान, मिर्जापुरा डेम पर पिकनिक स्पॉट सहित कई विकास का प्रस्ताव आया मंदसौर के विकास पर यातायात से लेकर जल संरक्षण और रोजगार तक पर नागरिकों ने रखे सुझाव, कलेक्टर ने किया मंथन

मंदसौर। शहर के विकास की प्राथमिकताएं नागरिकों के सुझावों के आधार पर तय करने की पहल की गई है। बुधवार को नगर पालिका सभागृह में कलेक्टर दिव्यांक सिंह की मौजूदगी में आयोजित जनसंवाद में शहर की यातायात व्यवस्था, पेयजल, जल संरक्षण, स्वच्छता, बाजारों की समस्याओं, रोजगार और औद्योगिक विकास से जुड़े मुद्दे उठे। जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, उद्यमियों और नागरिकों ने अपने सुझाव रखे। कलेक्टर ने इन सुझावों के आधार पर संबंधित विभागों के साथ कार्ययोजना तैयार करने की बात कही। शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए आईआईटी इंदौर और नागपुर के विद्यार्थियों की टीम से मंदसौर का ट्रैफिक प्लान तैयार कराया जाएगा। कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने कहा कि शहर का समग्र विकास तभी संभव है, जब प्रशासन, जनप्रतिनिधि और नागरिक मिलकर काम करें। जनसंवाद का उद्देश्य शहर की वास्तविक जरूरतों को समझना और उनके समाधान की दिशा तय करना है। यातायात व्यवस्था को लेकर उन्होंने बताया कि उज्जैन सिंहस्थ के लिए आईआईटी इंदौर और नागपुर के विद्यार्थियों की टीम ट्रैफिक प्लान तैयार कर रही है। इस टीम से मंदसौर के लिए भी योजना बनाने का आग्रह किया गया है। टीम जल्द शहर का दौरा कर यातायात की स्थिति का अध्ययन करेगी। नपाध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि शहर के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। सभी के सहयोग से विकास कार्य तेजी और प्रभावी ढंग से पूरे होंगे। उन्होंने जनसंवाद की पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि नागरिकों के सुझाव शहर के विकास में उपयोगी साबित होंगे। नपा सभापति दीपमाला मकवाना ने सदर बाजार की यातायात व्यवस्था सुधारने का सुझाव रखा। जल संरक्षण के लिए कलेक्टर ने नागरिकों से घरों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की अपील की। उन्होंने बताया कि अमृत 2.0 मिशन के तहत क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइन बदली जा रही है। नगर पालिका की कर वसूली बढ़ाने के लिए ऑनलाइन भुगतान को प्रोत्साहित करने और वर्तमान में उपलब्ध 20 पीओएस मशीनों की संख्या बढ़ाने की बात भी कही। राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि मुकेश खमेसरा ने मिर्जापुरा डेम के पास पिकनिक स्पॉट विकसित करने का सुझाव दिया। कन्हैयालाल सोनगरा ने प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने, पार्षद सुनीता गुजरिया ने हितग्राहियों को स्थायी स्थान उपलब्ध कराने और लोकेश भार्गव ने हाईटेंशन लाइन हटाने की मांग रखी। पार्षद प्रतिनिधि शैलेन्द्र गोस्वामी ने ट्यूबवेल खनन पर प्रतिबंध लगाने, पार्षद भावना पमनानी ने पात्र हितग्राहियों को भू-अधिकार पत्र देने और राजाराम तंवर ने नगर में शराबबंदी के नियमों का सख्ती से पालन कराने का सुझाव दिया। अनिल लालवानी, कमलेश रामचंदानी और करण लालवानी ने भी शहर के विकास से जुड़े मुद्दे उठाए। बैठक में रोजगार और औद्योगिक गतिविधियां बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। शासन की योजनाओं से लाभ लेकर उद्यम स्थापित करने वाले अभिषेक शर्मा ने बताया कि अनुदान की सहायता से उन्होंने शर्मा स्टील में मशीनरी का विस्तार किया। बालाजी इंटरप्राइजेज की दिव्या गोस्वामी ने डिस्पोजेबल निर्माण इकाई स्थापित करने और औद्योगिक क्षेत्र में भूखंड मिलने से व्यवसाय को आगे बढ़ाने की जानकारी दी। प्रियंका ने अपने उद्यम के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता की जरूरत बताई। इस पर जीएमडीआईसी रैकवार ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना और एमएसएमई योजना के माध्यम से सहायता प्राप्त करने की जानकारी दी। जयप्रकाश राठौर ने बताया कि उन्होंने एमएसएमई योजना के तहत जिले में 5 करोड़ रुपए का निवेश कर जग्गाखेड़ी में औद्योगिक इकाई स्थापित की है। संजय अग्रवाल ने सोलर क्षेत्र में शुरू किए गए स्टार्टअप के माध्यम से 50 लोगों को रोजगार देने की योजना बताई। अभिषेक राठौर ने भी उद्योग और ऋण संबंधी सुझाव रखे। कलेक्टर ने उद्यम लगाने के इच्छुक युवाओं को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। जनसंवाद में डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी सीएमओ रोहित राणावत, डिप्टी कलेक्टर एवं शहरी विकास अभिकरण परियोजना अधिकारी शुभम गुर्जर, एसडीएम शुभम पाटीदार, नपा सभापति निर्मला चंदवानी, पार्षद सुनीता भावसार, सुनीता गुजरिया, भावना पमनानी, शैलेन्द्र गोस्वामी, समाजसेवी कन्हैयालाल सोनगरा, राजाराम तंवर और कृष्णवल्लभ शास्त्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। आभार पीएस धारवे ने माना।

Nov 4, 2026 - 22:36
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0