पुरानी कृषि उपज मंडी में तीन दुकानों को बनाया निशाना, 65 हजार रुपए चोरी दो दुकानों के ताले टूटे, व्यापारियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की

नीमच। शहर के स्टेशन रोड स्थित पुरानी कृषि उपज मंडी (औषधि मंडी) में चोरों ने गुरुवार रात तीन दुकानों को निशाना बनाया। राकेश ट्रेडर्स के गल्ले से करीब 65 हजार रुपए चोरी होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, कौशिक इंटरप्राइजेज के शटर के ताले और ओसवाल किराना के गोदाम का ताला टूटा मिला। घटना के बाद व्यापारियों ने मंडी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। सुबह दुकान पहुंचने पर खुला मिला मुख्य चैनल राकेश ट्रेडर्स के संचालक और पूर्व पार्षद राकेश गर्ग ने बताया कि वे गुरुवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे दुकान पहुंचे तो मुख्य चैनल खुला मिला। दुकान के अंदर गल्ले और अलमारी के हैंडल टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था। गर्ग के अनुसार, गल्ले में करीब 65 हजार रुपए रखे थे, जो गायब मिले। उन्होंने घटना की सूचना डायल 112 और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी। दो अन्य दुकानों के ताले भी टूटे चोरों ने कौशिक इंटरप्राइजेज को भी निशाना बनाया। दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे का कनेक्शन कटा मिला और शटर के दो ताले टूटे हुए थे। तीसरा ताला नहीं टूटने के कारण चोर दुकान के भीतर प्रवेश नहीं कर सके। पास स्थित ओसवाल किराना के गोदाम का ताला भी टूटा मिला। व्यापारियों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल घटना के बाद व्यापारियों ने मंडी क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और रात्रि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। उनका कहना है कि मंडी में बड़ी मात्रा में कारोबार और नकदी का लेन-देन होता है, इसलिए रात में सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। मंडी निरीक्षक राहुल अस्थाना ने बताया कि मंडी कर्मचारी रात 10 से 12 बजे तक गश्त करते हैं। मूंगफली की आवक और अन्य व्यवस्थाओं के कारण कर्मचारी अन्य कार्यों में भी व्यस्त रहते हैं। उनके अनुसार, सुबह सूचना मिलने पर मंडी की टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

Oct 17, 2026 - 08:11
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0