लहसुन से भरा ट्रक गायब होने पर व्यापारियों ने 3 घंटे रोकी नीलामी, इंदौर में मिला ट्रक व लहसुन

पिपलिया स्टेशन (जेपी तेलकार)। पिपलियामंडी से पश्चिम बंगाल भेजा गया 136 क्विंटल लहसुन से भरा ट्रक गायब होने और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने के विरोध में शनिवार को मंडी व्यापारियों ने करीब तीन घंटे तक नीलामी बंद रखी। व्यापारियों ने एकत्र होकर पिपलियामंडी थाने पहुंचकर टीआई विक्रमसिंह इवने से चर्चा की। टीआई के आरोपियों को शीघ्र पकड़ने के आश्वासन के बाद दोपहर करीब 1 बजे नीलामी शुरू हुई। इधर, पुलिस की जांच में सामने आया कि गायब हुआ लहसुन इंदौर की चौइथराम मंडी में बेचा गया था। पुलिस ने ट्रक बरामद कर लिया है और करीब 9 टन लहसुन भी बरामद किया जा चुका है। लहसुन की बिक्री का भुगतान पुलिस ने रुकवा दिया है। मामले के आरोपी फिलहाल फरार हैं। *20 लाख रुपए का था लहसुन* मंडी व्यापारी लोकेश पिता शंकरलाल हरजानी ने 25 अगस्त को पिपलियामंडी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि धुपगुड़ी (पश्चिम बंगाल) भेजा गया 432 बोरी यानी करीब 136 क्विंटल लहसुन रास्ते में गायब हो गया। इसकी कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई। पुलिस ने लुडास (हरियाणा) निवासी ट्रक चालक दिनेश पिता जोगिन्दरसिंह और उसके साथी अकबर अंसारी के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया था। *पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप* कांग्रेस नेता अनिल शर्मा ने आरोप लगाया कि लहसुन गायब होने के बाद व्यापारियों ने अपने स्तर पर तलाश कर पुलिस को जानकारी दी थी कि लहसुन इंदौर पहुंच गया है, इसके बावजूद पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि पुलिस की तत्परता रहती तो आरोपियों को मौके पर पकड़ा जा सकता था। *फर्जी नंबर प्लेट से ट्रक की पहचान बदलने की कोशिश* व्यापारी पक्ष के अनुसार लहसुन लोड करने वाले ट्रक पर एचआर 39 जी 8686 नंबर प्लेट लगी थी, जबकि जांच में आयशर वाहन का वास्तविक पंजीयन नंबर एमपी 09 बीएम 4221 सामने आया। आरोप है कि लहसुन खुर्द-बुर्द करने के उद्देश्य से ट्रक की नंबर प्लेट बदली गई थी। हालांकि ट्रक पर लगे बीएम बोस के लोगो से उसकी पहचान हो गई। व्यापारियों ने पुलिस से नंबर प्लेट फर्जीवाड़े की भी जांच की मांग की है। *9 टन लहसुन बरामद, बाकी की तलाश* पिपलियामंडी पुलिस शुक्रवार को इंदौर पहुंची थी। वहां ट्रक बरामद करने के साथ करीब 9 टन लहसुन बरामद किया गया। बताया गया कि चालक ने लहसुन का ढेर लगाकर उसे नीलाम कर दिया था। पुलिस ने इसकी राशि का भुगतान रुकवा दिया है। शेष लहसुन की तलाश की जा रही है। चौकी प्रभारी रितेश डामोर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।

Aug 30, 2026 - 08:40
 0  3

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0