एमडी ड्रग्स तस्करी में ज्वैलरी कारोबारी गिरफ्तार, दलौदा से जुड़ा कनेक्शन रतलाम के माणक चौक निवासी अक्षय चपड़ोद को जावरा पुलिस ने पकड़ा, पूछताछ के बाद जेल भेजा; एक अन्य आरोपी फरार

रतलाम। एमडी ड्रग्स की तस्करी के मामले में अब कारोबारियों के नाम भी सामने आ रहे हैं। जावरा सिटी थाना पुलिस ने रतलाम के माणक चौक निवासी ज्वैलरी कारोबारी अक्षय चपड़ोद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद भी नशा करता था और कथित तौर पर अपने ठिकाने से दूसरों को मादक पदार्थ बेचता था। इस मामले में मादक पदार्थ की कड़ी मंदसौर जिले के दलौदा से जुड़ी है। एक अन्य आरोपी एजाज की तलाश की जा रही है। सिटी थाना प्रभारी मनोज कटारिया के मुताबिक, 6-7 मई 2025 को पुलिस ने जावरा में महू-नीमच हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान एक कार से ट्रांसपोर्ट व्यवसायी कमलेश जैन और उसके साथी साबिर खान को पकड़ा था। उनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपए कीमत की 200 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि रतलाम के सुनील सूर्या ने दलौदा के जरिए यह खेप मंगवाई थी। इसके बाद पुलिस ने सूर्या सहित नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जांच के दौरान सामने आए नामों में अक्षय चपड़ोद भी शामिल था। पुलिस ने उसे गुरुवार शाम गिरफ्तार किया और पूछताछ के बाद शुक्रवार को जेल भेज दिया। सुनील सूर्या पर 40 से अधिक मामले पुलिस के अनुसार, इस प्रकरण में नामजद सुनील सूर्या के खिलाफ मारपीट, धमकी और एनडीपीएस एक्ट सहित 40 से अधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2019 में उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी की गई थी। वह पुलिस की गुंडा सूची में शामिल बताया गया है। 2024 में भी सामने आया था नेटवर्क 17 मार्च 2024 की रात भक्तन की बावड़ी मुक्तिधाम के पास पुलिस ने आशीष पिता सुशील सोनी (32) को पकड़ा था। उसके पास से 30 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली थी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने बताया था कि 10-10 ग्राम एमडी सईद पिता फजल हुसैन निवासी हाकिमवाड़ा, हनी पिता जफर शेख निवासी नाहरपुरा और सुनील सूर्या पिता इंदरमल जैन निवासी शास्त्री नगर को देने की तैयारी थी। पुलिस का कहना है कि इस मामले में सामने आए कुछ लोग खुद नशा करने के साथ मादक पदार्थ की बिक्री में भी शामिल थे। ताजा गिरफ्तारी के बाद पुलिस फरार आरोपी की तलाश और नेटवर्क से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

Oct 25, 2026 - 08:46
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0