अघोषित बिजली कटौती पर सड़कों पर उतरे ग्रामीण, तीन जगह प्रदर्शन -झालावाड़ रोड पर चक्काजाम, 33 केवी ग्रिड पर भी नारेबाजी; दो दिन में सुधार के आश्वासन पर माने ग्रामीण
नीमच। अघोषित बिजली कटौती को लेकर मंदसौर के साथ नीमच जिले में भी विरोध तेज हो गया है। बिजली आपूर्ति में बार-बार बाधा से परेशान ग्रामीणों और किसानों का गुस्सा शनिवार रात फूट पड़ा। रतनगढ़ में ग्रामीण 33 केवी विद्युत ग्रिड पहुंच गए, जबकि कुकड़ेश्वर क्षेत्र में किसानों ने धंधेरी पुलिया के पास नीमच-झालावाड़ रोड पर चक्काजाम कर दिया। वहीं नाहरगढ़ क्षेत्र की कचनारा चौपाटी पर भी ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों की मांग थी कि रात में अघोषित कटौती बंद कर नियमित बिजली आपूर्ति की जाए। अधिकारियों और पुलिस की समझाइश तथा व्यवस्था में सुधार के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुए। रतनगढ़ क्षेत्र के ग्राम गुंजालिया, बधावा, कस्मारिया, देवरिया सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण शनिवार रात जाट रोड स्थित 33 केवी विद्युत ग्रिड पहुंचे। यहां उन्होंने बिजली कटौती के विरोध में नारेबाजी की। ग्रामीण करीब एक घंटे तक ग्रिड परिसर में डटे रहे और संबंधित अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग की। उनका कहना था कि रात में बिजली नहीं मिलने से रोजमर्रा के कामकाज के साथ खेती भी प्रभावित हो रही है। सूचना मिलने पर बिजली विभाग के सहायक अभियंता ओंकार प्रसाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाते हुए बताया कि बिजली कटौती भोपाल स्तर से की जा रही है। उन्होंने दो दिन के भीतर विद्युत व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और अपने गांवों के लिए रवाना हो गए। इधर, कुकड़ेश्वर और मनासा मार्ग से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली कटौती को लेकर नाराजगी सामने आई। किसानों का कहना है कि रात में बिजली नहीं मिलने से खेतों में फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। इसी के विरोध में शनिवार रात धंधेरी पुलिया स्थित बालाजी मंदिर के पास ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और नीमच-झालावाड़ रोड पर चक्काजाम कर दिया। नाहरगढ़ क्षेत्र के कचनारा चौपाटी पर भी ग्रामीणों ने अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों की मांग थी कि रात के समय बिजली आपूर्ति नियमित की जाए, ताकि किसानों को सिंचाई में परेशानी न हो। अधिकारियों और पुलिस की समझाइश के बाद यहां भी प्रदर्शन समाप्त हुआ। लगातार हो रहे इन प्रदर्शनों से बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों और किसानों की नाराजगी सामने आई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

