फर्जी नारकोटिक्स टीआई बनकर ठगी के आरोप में जेल गई सपना ठाकुर के विवादित मकान पर लगी नेम प्लेट रिमांड खत्म होने पर मंगलवार को भेजा गया था जेल, नेम प्लेट किसने लगाई पुलिस जांच में जुटी; एक अन्य महिला ने लोन दिलाने के नाम पर मंगलसूत्र और 18 हजार रुपए लेने की शिकायत की
रतलाम। मंदसौर की फर्जी नारकोटिक्स टीआई बनकर प्रॉपर्टी ब्रोकर से ठगी के आरोप में जेल भेजी गई सपना ठाकुर के तेजानगर स्थित विवादित मकान पर उसके नाम की नेम प्लेट लगा दी गई। मंगलवार को कोर्ट ने रिमांड खत्म होने के बाद सपना ठाकुर को जेल भेजा था। मकान पर नेम प्लेट किसने लगाई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। धोखाधड़ी का केस दर्ज कराने वाले प्रॉपर्टी ब्रोकर रूपेश चपरोट ने विवादित मकान पर लगी नेम प्लेट का वीडियो बनवाया है। ब्रोकर की शिकायत में नकदी के साथ तेजानगर स्थित मकान को भी कथित तौर पर झांसे में लेकर अपने नाम कराने का आरोप लगाया गया है। 4.75 करोड़ रुपए की ठगी का आरोप प्रॉपर्टी ब्रोकर ने माणकचौक थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, सपना ठाकुर ने खुद को मंदसौर की नारकोटिक्स टीआई बताकर हुंडी दलाल विजय लोढ़ा से बकाया राशि रिकवर कराने के नाम पर कथित तौर पर 4.75 करोड़ रुपए की ठगी की। इसमें नकदी के साथ तेजानगर स्थित करीब 1.30 करोड़ रुपए कीमत का मकान भी शामिल बताया गया है। वहीं, कोर्ट में पेशी के दौरान सपना ठाकुर ने मीडिया से कहा था कि उसने यह मकान 20 लाख रुपए ऑनलाइन और 1.10 करोड़ रुपए नकद देकर खरीदा है। फिलहाल माणकचौक पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। लोन दिलाने के नाम पर मंगलसूत्र और 18 हजार रुपए लेने की शिकायत सपना ठाकुर के खिलाफ औद्योगिक क्षेत्र थाने में एक अन्य शिकायत भी सामने आई है। मुखर्जीनगर निवासी गीताबाई पति स्व. सुरेशचंद्र चंदेल ने शिकायत में बताया कि उनकी 22 वर्षीय बेटी नीतू शादीशुदा है और कपड़े बेचने का काम करती है। उसे लोन की जरूरत थी। इसी दौरान उनकी पहचान सपना ठाकुर से हुई। गीताबाई के अनुसार, सपना ने लोन दिलाने के नाम पर 20 हजार रुपए मांगे। रुपए नहीं होने पर उन्होंने करीब 50 हजार रुपए कीमत का सोने का मंगलसूत्र उसे दे दिया। बाद में मंगलसूत्र वापस करने के नाम पर भी 20 हजार रुपए मांगे गए, जिसके बाद उन्होंने 18 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बावजूद न तो लोन दिलाया गया और न ही रुपए या मंगलसूत्र वापस किया गया। यह घटनाक्रम 2025 की शुरुआत से अब तक का बताया गया है। औद्योगिक क्षेत्र थाने के सब इंस्पेक्टर ध्यानसिंह सोलंकी ने बताया कि महिला का आवेदन मिला है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद केस दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

