एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, भोपाल-बैतूल के 8 लोगों की मौत; 17 घायल खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रहा टैंपो ट्रैवलर पुलिया से 15 फीट नीचे गिरा, मृतकों में महिलाएं और युवा भी शामिल
कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में मध्यप्रदेश के आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 यात्री घायल हो गए। यात्रियों से भरा टैंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फीट नीचे गिर गया। वाहन में सवार लोग भोपाल से खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। मृतकों में बैतूल जिले के विभिन्न क्षेत्रों और भोपाल के निवासी शामिल हैं। हादसा कोटा शहर से करीब 35 किलोमीटर दूर सिमलिया थाना क्षेत्र में कराड़िया टोल के पास सुबह करीब 6 बजे हुआ। सिमलिया थाना प्रभारी नंद सिंह के अनुसार, दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। सुबह अंधेरा होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कुछ देरी हुई। सीटों के बीच फंसे थे शव, खिड़कियां तोड़कर निकाले घायल हादसे के बाद ट्रैवलर में सवार कई यात्री अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ मृतकों के शव सीटों के बीच फंसे हुए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायलों को निकालने के लिए वाहन की खिड़कियां तोड़नी पड़ीं। दुर्घटना में घायल 17 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों में महिलाएं और युवा भी शामिल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों में वैष्णवी गावंडे (25), त्रिशा गोडकी (22), सचिन गिरी (27), कृष्णाराव गोडके (55), अनिता (50), ओम सूर्यवंशी (26), अरुणा और राजुराम उर्फ राजकुमार (करीब 50) शामिल हैं। मृतकों की पहचान के अनुसार, इनमें बैतूल जिले के मुलताई, साईंखेड़ा और पाटन क्षेत्र के निवासियों के साथ भोपाल के लोग भी शामिल हैं। पुलिस ने जारी की मृतकों की सूची सिमलिया थाना प्रभारी नंद सिंह के अनुसार, मृतकों में अरुणा, पत्नी कमलेश, निवासी मुलताई; वैष्णवी गावंडे, पुत्री यादुराव गावंडे, निवासी मीरापुर, साईंखेड़ा; त्रिशा गोडकी, पुत्री कृष्णाराव गोडकी, निवासी पाटन; कृष्णाराव गोडके, पुत्र बिट्टुभाई गोडके, निवासी पाटन; अनिता, पत्नी राजकुमार, निवासी सेक्टर-ए, राजीव नगर, भोपाल; सचिन गिरी, निवासी भोपाल; ओम सूर्यवंशी, पुत्र रामकिशोर, निवासी सरा, मुलताई; और राजुराम उर्फ राजकुमार, पुत्र गेंदाराव, शामिल हैं। राजुराम के पते की पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं है। भोपाल और बैतूल में शोक हादसे में आठ लोगों की मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। भोपाल और बैतूल में शोक का माहौल है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

