नीमच से लौट रहे कांग्रेस जिला महामंत्री की सड़क हादसे में मौत तेज रफ्तार मारुति वैन ने स्कूटी को मारी टक्कर, साथी गंभीर घायल
नीमच। नीमच जिले के मालाखेड़ा-जावी मार्ग पर शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में कांग्रेस जिला महामंत्री अभिषेक मालू (40) की मौत हो गई, जबकि उनके साथी लक्ष्मी नारायण उर्फ पप्पू पाल (48) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों नीमच से सरवानिया महाराज लौट रहे थे, तभी जावी और बोरखेड़ी कला के बीच तेज रफ्तार मारुति वैन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, नीमच-सिंगोली सड़क निर्माण कार्य के चलते अभिषेक मालू और पप्पू पाल स्कूटी (एमपी 44 एमएच 7998) से मालाखेड़ा-जावी मार्ग होते हुए लौट रहे थे। इसी दौरान जावी और बोरखेड़ी कला के बीच मारुति वैन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में अभिषेक मालू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पप्पू पाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस से दोनों को नीमच जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अभिषेक मालू को मृत घोषित कर दिया। घायल पप्पू पाल का उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलने पर किसान नेता राजकुमार अहीर सहित परिजन और कांग्रेस कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद अभिषेक मालू का शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद सरवानिया महाराज में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने मारुति वैन जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

