मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान की प्रदर्शनी का किया अवलोकन विद्यार्थियों की रचनात्मकता और स्थानीय उत्पादों की सराहना, विभिन्न योजनाओं की ली जानकारी
नीमच । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नीमच प्रवास के दौरान अग्रोहा भवन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं, विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली तथा नवाचारों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले गांधीसागर समूह जल प्रदाय योजना-2 का अवलोकन कर इसकी प्रगति की जानकारी ली। इसके बाद मुख्यमंत्री ई-स्कूटी योजना के तहत विद्यार्थियों को प्रदान की गई स्कूटियों का अवलोकन किया और विद्यार्थियों की सराहना की। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई चित्रकला प्रदर्शनी देखी। बच्चों की रचनात्मकता और सुंदर चित्रों की मुख्यमंत्री ने प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम से संबंधित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर को किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 50 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस विभाग की ‘जीवन संजीवनी अभियान’, ‘नशे से दूरी है जरूरी’ और साइबर अपराध जागरूकता संबंधी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने नशामुक्ति और साइबर अपराधों से बचाव के लिए चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियानों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने बंबू फार्म द्वारा बाँस से तैयार किए जा रहे ब्रश, कंघी, बाँसुरी सहित अन्य उत्पादों की सराहना की। साथ ही जैविक कृषक भागीरथ नागदा द्वारा जैविक पद्धति से तैयार किए जा रहे उत्पादों की जानकारी लेकर उनके प्रयासों की प्रशंसा की। इस अवसर पर विधायक नीमच दिलीप सिंह परिहार, विधायक मनासा अनिरुद्ध माधव मारू, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, आयुक्त उज्जैन संभाग आशीष सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, वंदना खंडेलवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

