मंदसौर में विकास कार्यों को परिषद की हरी झंडी, 23 प्रस्ताव बहुमत से मंजूर; 100 सफाई मित्रों की होगी नियुक्ति, पशुपतिनाथ मेले और गौरव दिवस की तैयारियों को भी मिली गति

मंदसौर। नगरपालिका परिषद की साधारण सभा की बैठक मंगलवार को नपा सभागृह में नपाध्यक्ष एवं पीठासीन अधिकारी रमादेवी बंशीलाल गुर्जर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं, सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और आगामी आयोजनों से जुड़े 23 प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के बाद सभी 23 प्रस्तावों को बहुमत से मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर रोहित राणावत सहित सभापतिगण, पार्षदगण और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में आगामी 64वें भगवान पशुपतिनाथ महादेव मेले को भव्य स्वरूप में आयोजित करने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। पार्षदों ने मेले की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए नपा लोक निर्माण सभापति निर्मला चंदवानी ने नपाध्यक्ष रमादेवी गुर्जर को आयोजन संबंधी जिम्मेदारी सौंपने की मांग की। नपा की ओर से बताया गया कि गत वर्ष मेले के आयोजन के लिए एक करोड़ रुपए व्यय करने का प्रस्ताव पारित किया गया था। इस बार भी मेले को भव्य बनाने के संबंध में पार्षदों ने अपने सुझाव रखे। वहीं, 7 और 8 दिसंबर 2026 को मंदसौर का गौरव दिवस मनाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। आयोजन पर होने वाले अनुमानित व्यय को भी परिषद ने स्वीकृति प्रदान की। नपा कॉलोनी के पुराने और जर्जर आवासीय क्वार्टरों को हटाकर वहां नया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। विचार-विमर्श के बाद इस परियोजना को पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर पूरा करने का निर्णय लिया गया। इससे निर्माण कार्य को गति मिलने के साथ नगरपालिका के लिए आय के नए स्रोत भी विकसित होंगे। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नया लिंक रोड बनाने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया। इसके तहत नयापुरा रोड से दयामंदिर मार्ग तक सीधे आवागमन के लिए हेड कालाखेत खेल मैदान के समानांतर नया मार्ग खोला जाएगा। क्षेत्र के व्यापारियों और नागरिकों द्वारा लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी। इसी तरह वार्ड क्रमांक 14 में नाहर सैय्यद मेला ग्राउंड से लालघाटी रोड को सीधे जोड़ने के लिए अप्रोच रोड बनाने की मंजूरी दी गई। वर्तमान में यहां कच्चा रास्ता है, जिसे सीसी रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। बैठक में शहर की पहचान से जुड़े दो नामकरण प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली। पूर्व में बीपीएल चौराहे के नाम से पहचाने जाने वाले चौराहे का नाम लोहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहा करने का प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं, संजीत रोड ओवरब्रिज का नाम माता पन्ना धाय मार्ग रखने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। सभापति निलेश जैन सहित पार्षदों ने इस संबंध में अपने विचार रखे। शहर की सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए 100 सफाई मित्रों की नियुक्ति का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इनमें 50 पुरुष और 50 महिला सफाई कर्मचारी शामिल होंगे। इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास विभाग को भेजा जाएगा। विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के तहत होटल, मैरिज गार्डन और रिसॉर्ट जैसे बड़े प्रतिष्ठानों से कचरे की मात्रा के अनुसार दंड राशि वसूलने के निर्धारण को भी मंजूरी दी गई। कचरा प्रबंधन के लिए एक डम्पर खरीदने और प्राप्त निविदा दर को भी स्वीकृति प्रदान की गई। पेयजल व्यवस्था से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए जलकार्य सभापति निलेश जैन ने रामघाट स्थित नवीन और पुराने फिल्टर प्लांट के संधारण कार्य की निविदा दरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए संपवेल के निर्माण की दिशा में भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। दूसरी ओर, शांतनु विहार कॉलोनी और जनता कॉलोनी बी ब्लॉक में स्थित पुरानी पानी की टंकियों को हटाने का प्रस्ताव पारित किया गया। परीक्षण रिपोर्ट में दोनों टंकियों को पानी भरने के लिए अनुपयोगी और दुर्घटना की आशंका वाला बताया गया है। इसके चलते इन्हें डिस्मेंटल किया जाएगा। विवेकानंद नगर में विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए नई निविदा जारी करने की मंजूरी भी बैठक में दी गई। पूर्व में जारी निविदा के अनुसार कार्य शुरू नहीं होने से क्षेत्र के नागरिकों को विद्युत कनेक्शन लेने सहित अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। नई निविदा जारी होने से इन समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई गई। कृषि उपज मंडी के समीप पूर्व दिशा में स्थित नगरपालिका की खाली जमीन पर नई दुकानें बनाने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया। क्षेत्रीय पार्षद भारती पाटीदार ने इस निर्णय पर नपाध्यक्ष का आभार जताते हुए यहां किसानों की सुविधा के लिए सुलभ कॉम्प्लेक्स बनाने की मांग भी रखी। दुकानों के निर्माण से नगरपालिका को आय प्राप्त होगी, जिसका उपयोग शहर के विकास कार्यों में किया जा सकेगा। बैठक में सम्राट मार्केट में बढ़ते यातायात दबाव का मुद्दा भी उठा। पूर्व नपाध्यक्ष राम कोटवानी और मनोनीत पार्षद दलपतसिंह डांगी ने यहां यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए अतिक्रमण हटाने की मांग की। पार्षद प्रमिला संजय गोयल ने नपा कर्मचारियों के लिए आवास व्यवस्था करने का सुझाव दिया, जबकि भारती पाटीदार ने सीवरेज योजना के संबंध में अपने विचार रखे। सांसद प्रतिनिधि कपिल भंडारी ने दिशा बैठक और सीवरेज योजना की प्रगति का मुद्दा उठाया। राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि मुकेश खमेसरा ने नपा कॉलोनी की जमीन पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना को सराहनीय बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा शुरू की गई अर्बन चैलेंज फंड योजना का लाभ लेने का सुझाव दिया। उन्होंने पशुपतिनाथ मेले के आयोजन के लिए धर्मस्व विभाग से आर्थिक सहायता प्राप्त करने हेतु पत्राचार करने की बात भी कही। बैठक में पार्षद पं. अरुण शर्मा, तरुण शर्मा, सुनील बंसल, रफत पयामी, प्रतिभा विक्रम भेरवे, संगीता गोस्वामी, आशीष गौड़ सहित अन्य पार्षदों ने पशुपतिनाथ मेले को भव्य बनाने के सुझाव दिए। भारती पाटीदार और तरुण वर्मा ने गौरव दिवस के आयोजन को लेकर अपने विचार रखे। पूर्व नपाध्यक्ष राम कोटवानी ने परिषद के कामकाज पर अपनी राय रखते हुए कहा कि नपाध्यक्ष रमादेवी गुर्जर के नेतृत्व में परिषद अच्छा काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिषद की बैठकों में पूरी तैयारी के साथ आने तथा पार्षदों के प्रश्नों का उचित जवाब देने की अपेक्षा जताई। बैठक में नपा के कार्यपालन यंत्री पीएस धार्वे, उपयंत्री राहुल गडावा, राजस्व अधिकारी मंगेशराव नवले और स्वास्थ्य अधिकारी हेमचंद शर्मा ने विभिन्न प्रस्तावों और पार्षदों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर जानकारी दी। बैठक में सभापतिगण, पार्षदगण, सांसद एवं विधायक प्रतिनिधियों के साथ नगरपालिका की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। पहली बार परिषद की बैठक में शामिल हुए मनोनीत पार्षदों का नपाध्यक्ष रमादेवी गुर्जर ने स्वागत किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ बैठक समाप्त हुई।

Nov 3, 2026 - 22:49
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0