एक्सयूवी की डिक्की से 89 किलो 300 ग्राम डोडाचूरा बरामद, पंजाब का तस्कर गिरफ्तार
मंदसौर। महिंद्रा एक्सयूवी 500 की डिक्की में सात प्लास्टिक कट्टों में भरकर ले जाया जा रहा 89 किलो 300 ग्राम डोडाचूरा पुलिस ने बरामद किया है। अफजलपुर पुलिस ने दलौदा-बिलात्री रोड पर नाकाबंदी कर कार को रोका और तलाशी के दौरान मादक पदार्थ जब्त कर पंजाब निवासी चालक को गिरफ्तार किया। जब्त डोडाचूरा और कार की कुल कीमत करीब 7 लाख 80 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को सूचना मिली थी कि एक कार में डोडाचूरा भरकर सीतामऊ के रास्ते पंजाब ले जाया जा रहा है। सूचना पर दलौदा-बिलात्री रोड स्थित हाईस्कूल के पास नाकाबंदी की गई। कुछ देर बाद वहां पहुंची ग्रे कलर की महिंद्रा एक्सयूवी 500 को रोककर तलाशी ली गई तो डिक्की में रखे सात प्लास्टिक कट्टों से 89 किलो 300 ग्राम डोडाचूरा मिला। पुलिस ने कार चालक हरविंदर सिंह (35), निवासी जग्गा, थाना पायल, जिला लुधियाना (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में हरविंदर ने डोडाचूरा वाटरवास निवासी जीवन से लाना बताया। पुलिस ने जीवन को भी प्रकरण में आरोपी बनाया है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने 1 लाख 80 हजार रुपए कीमत का डोडाचूरा और करीब 6 लाख रुपए कीमत की एक्सयूवी 500 जब्त की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब डोडाचूरा के स्रोत और पंजाब में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी, इसकी जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

