गांधीसागर की लहरों से बनेगी 1920 मेगावाट बिजली, देश का सबसे बड़ा पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट अंतिम चरण में 11,500 करोड़ रुपए का निवेश, दिसंबर में पहली दो यूनिट शुरू करने की तैयारी, जून 2027 तक पूरी परियोजना चालू करने का लक्ष्य; 4 हजार लोगों को मिला रोजगार
नीमच/मंदसौर। गांधीसागर बांध की लहरों से बिजली बनाने वाली 1920 मेगावाट क्षमता की गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना अब निर्माण के अंतिम चरण में पहुंच गई है। नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खिमला ब्लॉक में ग्रीनको ग्रुप द्वारा करीब 11,500 करोड़ रुपए की लागत से विकसित की जा रही यह परियोजना देश की सबसे बड़ी निर्माणाधीन स्वतंत्र पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना है। करीब साढ़े तीन साल से चल रहे निर्माण कार्य के बाद दिसंबर 2026 में पहली दो यूनिट का संचालन शुरू करने और जून 2027 तक पूरी परियोजना को वाणिज्यिक रूप से चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। सभी नौ यूनिट शुरू होने पर परियोजना से एक साथ 1920 मेगावाट बिजली उत्पादन किया जा सकेगा। पूरी क्षमता पर लगातार छह घंटे तक बिजली उपलब्ध कराने की क्षमता होगी। कंपनी के अनुसार परियोजना से सालाना करीब 3,580 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का अनुमान है। बुधवार को मंदसौर और नीमच जिले के पत्रकारों ने परियोजना स्थल का भ्रमण किया। इस दौरान ग्रीनको ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट नवीन कुमार लक्ष्मण और प्रोजेक्ट मैनेजर श्रीनिवास ने निर्माण की स्थिति, तकनीकी विशेषताओं, बिजली उत्पादन की प्रक्रिया और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि देश की ऊर्जा भंडारण व्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगी। इसके माध्यम से सौर और पवन ऊर्जा से मिलने वाली अतिरिक्त बिजली को पानी के रूप में संग्रहित कर जरूरत के समय दोबारा बिजली उत्पादन में उपयोग किया जाएगा। परियोजना में कुल नौ रिवर्सिबल पंप टर्बाइन यूनिट स्थापित की जा रही हैं। इनमें 240 मेगावाट क्षमता की सात और 120 मेगावाट क्षमता की दो यूनिट शामिल हैं। इस तरह सभी नौ यूनिट की संयुक्त क्षमता 1920 मेगावाट होगी। प्रत्येक यूनिट में ऐसी तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे एक ही मशीन पंप और टर्बाइन दोनों की भूमिका निभा सकेगी। कंपनी की कार्ययोजना के अनुसार दिसंबर 2026 में पहली दो यूनिट का संचालन शुरू किया जाएगा। शेष सात यूनिट मई-जून 2027 तक तैयार करने का लक्ष्य है। पूरी परियोजना जून 2027 से वाणिज्यिक रूप से शुरू करने की योजना है। टर्बाइन मोड में इसका रेटेड हेड करीब 122 मीटर निर्धारित किया गया है। ऊर्जा भंडारण के बाद दोबारा बिजली उपलब्ध कराने की क्षमता यानी राउंड ट्रिप एफिशिएंसी करीब 80 प्रतिशत रहने का अनुमान है। परियोजना की सबसे खास बात बिजली उत्पादन की तकनीक है। इसमें गांधीसागर बांध के मौजूदा जलाशय को निचले जलाशय के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि ग्रीनको कंपनी ने ऊपरी जलाशय तैयार किया है। दोनों जलाशयों के बीच पानी के आवागमन से बिजली का उत्पादन और ऊर्जा का भंडारण होगा। पंपिंग मोड में दिन या रात के समय ग्रिड में उपलब्ध अतिरिक्त बिजली, विशेषकर सौर और पवन ऊर्जा का उपयोग किया जाएगा। इससे मोटरें संचालित होंगी और निचले जलाशय यानी गांधीसागर बांध से पानी पंप कर ऊपरी जलाशय में पहुंचाया जाएगा। इस तरह अतिरिक्त बिजली का उपयोग पानी को ऊंचाई पर संग्रहित करने में होगा। जब शाम और रात के समय बिजली की मांग बढ़ेगी, तब ऊपरी जलाशय से पानी नीचे छोड़ा जाएगा। पानी के तेज प्रवाह से टर्बाइन घूमेंगे और बिजली पैदा होगी। यही बिजली ग्रिड के माध्यम से विभिन्न राज्यों को उपलब्ध कराई जाएगी। कंपनी के अनुसार ऊपरी जलाशय को भरने में लगभग छह से नौ घंटे और पानी को वापस नीचे पहुंचाने में करीब छह से सात घंटे का समय लगेगा। इस तकनीक से बिजली की मांग के अनुसार उत्पादन को नियंत्रित किया जा सकेगा। परियोजना का निर्माण करीब 414 हेक्टेयर भूमि पर किया जा रहा है। इसमें 300 हेक्टेयर से अधिक भूमि वन क्षेत्र की है, जबकि शेष राजस्व भूमि और किसानों से खरीदी गई जमीन शामिल है। ऊपरी जलाशय के लिए करीब 300 हेक्टेयर क्षेत्र में 38 मीटर ऊंचा रॉकफिल बांध बनाया गया है। इसकी जल संग्रहण क्षमता लगभग 1.4 टीएमसी है। परियोजना में दो जलाशयों की व्यवस्था है। पहला गांधीसागर का मौजूदा निचला जलाशय है, जिसकी कुल जल संग्रहण क्षमता करीब 270 टीएमसी यानी 7,643.70 मिलियन घनमीटर बताई गई है। दूसरा जलाशय कंपनी द्वारा तैयार किया गया ऊपरी जलाशय है। कंपनी के अनुसार परियोजना में गांधीसागर जलाशय के करीब 2.4 टीएमसी पानी का गैर-उपभोक्ता उपयोग किया जाएगा। इसका अर्थ है कि पानी की खपत नहीं होगी, बल्कि उसे बार-बार पंपिंग और टर्बाइन के माध्यम से इस्तेमाल किया जाएगा। कंपनी इसे बंद लूप व्यवस्था बता रही है। उसके अनुसार इस तकनीक में पानी का पुनर्चक्रण होगा और गांधीसागर बांध के जलस्तर पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। कंपनी के विस्तृत परियोजना विवरण के अनुसार नौ टर्बाइन यूनिट से सालाना करीब 3,580 मिलियन यूनिट यानी 358 करोड़ यूनिट बिजली उत्पादन का अनुमान है। उत्पादित बिजली का उपयोग विभिन्न राज्यों की बिजली जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा। परियोजना की ग्रिड कनेक्टिविटी और बिजली निकासी के लिए करीब 60 किलोमीटर दूर मंदसौर जिले में स्थित 765/400 केवी पीजीसीआईएल/सीटीयू सबस्टेशन से जोड़ा जा रहा है। पीक आवर्स में उत्पादित बिजली एनटीपीसी, एसईसीआई, मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों की बिजली वितरण कंपनियों को दीर्घकालीन बिजली खरीद समझौतों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। कंपनी का कहना है कि इससे बिजली वितरण कंपनियों को महंगे पीक टैरिफ पर बिजली खरीदने की जरूरत कम होगी और उन्हें आर्थिक बचत का लाभ मिलेगा। ग्रीनको कंपनी इससे पहले आंध्रप्रदेश में 1680 मेगावाट क्षमता का पंप स्टोरेज प्लांट बना चुकी है। इसके बाद अब मध्यप्रदेश के नीमच जिले के खिमला ब्लॉक में 1920 मेगावाट क्षमता की गांधीसागर परियोजना विकसित की जा रही है। करीब 11,500 करोड़ रुपए के निवेश से तैयार हो रही इस परियोजना को भविष्य की ऊर्जा जरूरतों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर जब देश में सौर और पवन ऊर्जा उत्पादन लगातार बढ़ रहा है, तब ऐसी परियोजनाएं अतिरिक्त बिजली का भंडारण कर मांग के समय उसकी आपूर्ति सुनिश्चित करने में मददगार होंगी। परियोजना के निर्माण चरण में करीब 4 हजार लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। इसमें इंजीनियर, तकनीकी कर्मचारी, निर्माण श्रमिक और अन्य सहायक कर्मचारी शामिल हैं। परियोजना पूरी होने के बाद इसके संचालन और रखरखाव के लिए करीब 200 लोगों की स्थायी नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें इंजीनियर, तकनीशियन और सहायक स्टाफ शामिल रहेंगे। कंपनी ने मध्यप्रदेश के योग्य स्थानीय युवाओं को अधिकतम रोजगार के अवसर देने की प्रतिबद्धता जताई है। इससे परियोजना के आसपास के क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर विकसित होने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। परियोजना निर्माण के दौरान सामने आए हादसों को लेकर पत्रकारों ने कंपनी अधिकारियों से सुरक्षा इंतजामों के संबंध में जानकारी ली। इस पर अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य केंद्र सरकार की गाइडलाइन और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार किया जा रहा है। पत्रकारों को परियोजना स्थल का निरीक्षण करवाकर निर्माण कार्य के दौरान अपनाए जा रहे सुरक्षा इंतजामों की जानकारी भी दी गई। पंप स्टोरेज परियोजना का एक बड़ा लाभ यह है कि जब सौर और पवन ऊर्जा से बिजली की उपलब्धता मांग से अधिक होगी, तब उस अतिरिक्त बिजली को पानी पंप करने में इस्तेमाल किया जा सकेगा। सामान्य तौर पर सौर ऊर्जा का उत्पादन दिन में अधिक होता है, जबकि शाम और रात में बिजली की मांग बढ़ जाती है। ऐसे समय में ऊपरी जलाशय में संग्रहित पानी से टर्बाइन चलाकर बिजली बनाई जा सकेगी। इस तरह परियोजना बिजली ग्रिड को जरूरत के अनुसार बिजली उपलब्ध कराने में मदद करेगी। साथ ही नवीकरणीय ऊर्जा के बेहतर उपयोग, ऊर्जा भंडारण और कार्बन उत्सर्जन कम करने के राष्ट्रीय लक्ष्यों को भी गति मिलेगी। चंबल नदी पर स्थित गांधीसागर जलाशय केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि मंदसौर और नीमच जिलों सहित पूरे मध्यप्रदेश के सामाजिक, आर्थिक, पर्यावरणीय और पर्यटन विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। गांधीसागर जलविद्युत गृह की 115 मेगावाट क्षमता से बिजली उत्पादन किया जा रहा है। इससे राज्य को हरित ऊर्जा उपलब्ध होती है। इसके साथ ही जलाशय की सतह पर फ्लोटिंग सोलर परियोजनाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। जलाशय में बड़े स्तर पर मत्स्य पालन किया जाता है। स्थानीय मछुआरा सहकारी समितियों को वित्तीय सहायता, आधुनिक जाल, नौकाएं और बाजार से जोड़ने की सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे मछुआरा परिवारों की आजीविका और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। गांधीसागर समूह जल प्रदाय योजना के माध्यम से मंदसौर और नीमच जिलों के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का काम किया जा रहा है। वहीं प्रधानमंत्री सूक्ष्म सिंचाई योजनाओं के तहत दबावयुक्त पाइप प्रणाली, ड्रिप और स्प्रिंकलर तकनीक से किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे पानी की बचत के साथ फसल उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिल रही है। वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में भी गांधीसागर का महत्व बढ़ा है। कूनो के बाद गांधीसागर वन्यजीव अभयारण्य को चीतों के दूसरे प्राकृतिक आवास के रूप में विकसित किया गया है। इसके अलावा यह क्षेत्र गिद्धों की आबादी और चंबल नदी में मगरमच्छों के सुरक्षित प्रजनन के लिए भी महत्वपूर्ण है। जैव विविधता और प्राकृतिक पर्यावरण के संरक्षण के प्रयास यहां किए जा रहे हैं। गांधीसागर क्षेत्र ऐतिहासिक और पुरातात्विक दृष्टि से भी समृद्ध है। हिंगलाजगढ़ किले में परमारकालीन स्थापत्य कला और प्राचीन मूर्तियों के संरक्षण तथा जीर्णोद्धार के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं चतुर्भुजनाथ नाला के प्रागैतिहासिक शैलचित्रों के संरक्षण और पुरातात्विक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जा रहा है। गांधीसागर फ्लोटिंग फेस्टिवल, टेंट सिटी और वाटर स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियों से क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाएं बढ़ी हैं। साहसिक खेलों और पर्यटन सुविधाओं के विकास से स्थानीय युवाओं को गाइड, होटल प्रबंधन, हॉस्पिटैलिटी और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। गांधीसागर में विकसित हो रही 1920 मेगावाट क्षमता की पंप स्टोरेज परियोजना इन सभी गतिविधियों के बीच क्षेत्र को नई ऊर्जा पहचान देने जा रही है। परियोजना के पूरा होने के बाद मंदसौर और नीमच जिले राष्ट्रीय ऊर्जा मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण स्थान हासिल कर सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

