होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट 3 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, पांच महीने में लोकायुक्त की दूसरी कार्रवाई
नीमच। नयागांव आरटीओ बैरियर पर ड्यूटी और पोस्टिंग देने के बदले होमगार्ड सैनिकों से हर महीने 3 हजार रुपए की रिश्वत मांगने के आरोप में लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने गुरुवार को होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान को रंगेहाथों पकड़ लिया। टीम ने उन्हें कोट मोहल्ला स्थित होमगार्ड कार्यालय में सैनिक महेश थोरेचा से रिश्वत की रकम लेते गिरफ्तार किया। पांच महीने में जिले में लोकायुक्त की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। लोकायुक्त के अनुसार, सैनिक महेश थोरेचा ने 10 नवंबर को लोकायुक्त एसपी विनोद कुमार दीक्षित से लिखित शिकायत की थी। इसमें बताया था कि डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट युवराज सिंह चौहान कार्यालय में पदस्थ सैनिक बलवंत सिंह के माध्यम से नयागांव आरटीओ बैरियर पर ड्यूटी और पोस्टिंग देने के बदले हर महीने 3 हजार रुपए की मांग कर रहे हैं। शिकायत मिलने पर एसपी ने निरीक्षक राजेंद्र वर्मा से रिश्वत मांगने की बात का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और गुरुवार को चौहान को 3 हजार रुपए लेते पकड़ लिया। सैनिक ने मानसिक शोषण का लगाया आरोप शिकायतकर्ता महेश थोरेचा ने आरोप लगाया कि ड्यूटी और पोस्टिंग के नाम पर उनका और अन्य सैनिकों का लगातार मानसिक शोषण किया जा रहा था। इसके लिए हर महीने 3 हजार रुपए देना तय किया गया था। इसी से परेशान होकर उन्होंने लोकायुक्त में शिकायत की। लोकायुक्त निरीक्षक राजेंद्र वर्मा ने बताया कि आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है। जून में भी हुई थी कार्रवाई यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन में की गई। टीम में डीएसपी राजेश पाठक, निरीक्षक राजेंद्र वर्मा, आरक्षक उमेश जाटव, अनिल अटोलिया, इसरार खान, संजीव कुमारिया, श्याम शर्मा और एलडीसी रश्मि शामिल थे। इससे पहले 25 जून को लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने नीमच में आदिम जाति कल्याण विभाग के संयोजक राकेश राठौर और उनके साथी को रिश्वत लेते पकड़ा था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

