प्रसूता की मौत के बाद गरोठ सिविल अस्पताल में बवाल, जमकर तोड़फोड़ परिजनों और भीम आर्मी के सदस्यों ने डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ के चैंबरों के कांच तोड़े, दवाइयां और सामान फेंका; दहशत में मरीजों ने बंद किए वार्ड के दरवाजे

गरोठ। सिविल अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद रविवार को परिजनों और भीम आर्मी के सदस्यों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल में लाठी-डंडों से डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के चैंबरों के कांच तोड़ दिए। दवाइयां और अन्य सामान भी फेंक दिया। अचानक हुए घटनाक्रम से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने भागकर अपनी जान बचाई, जबकि दहशत में मरीजों ने वार्ड के दरवाजे बंद कर लिए। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह आशा प्रस्तुत पति जगदीश बागरी को प्रसव के लिए गरोठ सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार सुबह प्रसव के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झालावाड़ रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनिवार शाम शव गरोठ अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। रविवार सुबह भीम आर्मी आजाद पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रिंस उर्फ शंभू सूर्यवंशी भी अस्पताल पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को निलंबित करने के साथ उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनीष पंजाबी ने बताया कि परिजनों की ओर से दिया गया ज्ञापन वरिष्ठ अधिकारियों को भेजकर मार्गदर्शन मांगा गया है। जांच में लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इधर, गरोठ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। स्थानीय लोगों के अनुसार, गरोठ सिविल अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ की कमी के कारण प्रसूताओं को उपचार और प्रसव के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है।

Nov 16, 2026 - 08:14
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0