पुलिस कंट्रोल रूम में जनसुनवाई, एसपी ने 48 शिकायतें सुनकर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
मंदसौर, 4 अगस्त। आमजन की शिकायतों का त्वरित और विधिसम्मत निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला पुलिस कंट्रोल रूम में जनसुनवाई शिविर आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने स्वयं 48 आवेदकों की शिकायतें सुनकर उनके शीघ्र एवं वैधानिक निराकरण के लिए संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से सुनवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को न्याय दिलाना और उनकी शिकायतों का पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (गरोठ) रामस्नेही मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र भास्कर, एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति, कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर, यशोधर्मन नगर थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय तथा नई आबादी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौड़ सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने अनुभाग से संबंधित आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी किए। पुलिस विभाग का कहना है कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन को सरल, सुलभ और प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराना तथा शिकायतों का समयबद्ध एवं विधिसंगत निराकरण सुनिश्चित करना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

