फर्जी नारकोटिक्स टीआई सपना ठाकुर पर एक और ठगी की शिकायत धार के दिव्यांग पिता-पुत्र से 4.50 लाख रुपए लेने का आरोप; 50 लाख की मदद और 5 बीघा जमीन दिलाने का दिया था भरोसा

मंदसौर। रतलाम में प्रॉपर्टी ब्रोकर से 4.75 करोड़ रुपए की ठगी के मामले में गिरफ्तार मंदसौर की कथित फर्जी नारकोटिक्स टीआई सपना ठाकुर के खिलाफ शिकायतों का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। रतलाम और जावरा में केस दर्ज होने के बाद अब धार जिले में एक दिव्यांग पिता-पुत्र ने भी करीब 4.50 लाख रुपए लेने की शिकायत की है। आरोप है कि सपना ने खुद को मंदसौर की एनसीबी टीआई बताकर लोगों से संपर्क किया और मदद का भरोसा देकर रुपए लिए। परिवार के अनुसार, सपना ने खुद को कालूखेड़ा के नवोदय स्कूल की प्रिंसिपल भी बताया था। उसने दिव्यांग पिता-पुत्र को जबलपुर हाईकोर्ट में मामला लगाकर 40 से 50 लाख रुपए की मदद दिलाने और 5 बीघा जमीन दिलाने का भरोसा दिया। इसके बदले अलग-अलग मदों में रुपए लिए गए, लेकिन बाद में न तो मदद मिली और न ही रकम लौटाई गई। धार जिले के कोद निवासी दयाराम पिता रतनलाल ने शिकायत में बताया कि वह शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं। उनका बेटा दृष्टिबाधित है और उसकी पत्नी भी दिव्यांग है। उनकी बेटी की शादी रतलाम के करमदी में हुई है और वह राम मंदिर क्षेत्र में सब्जी बेचती थी। इसी दौरान परिवार की पहचान सपना ठाकुर से हुई। दयाराम के अनुसार, सपना का कोद आना-जाना था और उसने उनके बेटे को अपना भाई बताया था। दयाराम के मुताबिक, सपना ने दोनों दिव्यांग होने की बात कहते हुए जबलपुर हाईकोर्ट में मामला लगाकर 40 से 50 लाख रुपए दिलाने की बात कही। साथ ही 5 बीघा जमीन दिलाने का भरोसा भी दिया। मदद के नाम पर खर्च के लिए रुपए मांगे गए। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने सपना के खाते में एक बार 2 लाख 27 हजार 300 रुपए ऑनलाइन भेजे। इसके अलावा अलग-अलग समय में 2 लाख रुपए नकद दिए। परिवार का आरोप है कि रकम लेने के बाद सपना ने कोई सहायता नहीं की। रुपए वापस मांगने पर उसने इनकार कर दिया और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया। दयाराम ने बताया कि परिवार ने समूह से लोन लेकर भी सपना को रुपए दिए थे। 28 सितंबर को सपना की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने पर परिवार शिकायत करने रतलाम पहुंचा। मामला धार जिले का होने के कारण माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने उन्हें संबंधित थाने में शिकायत करने की बात कही। इसके बाद दयाराम ने धार जिले के कोद थाने में शिकायत दर्ज कराई। इधर, रतलाम पुलिस के पास इंदौर जिले के गौतमपुरा से भी ठगी की शिकायत पहुंचने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने सपना ठाकुर के घर की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार, घर से नकदी नहीं मिली, लेकिन जमीन से जुड़े दस्तावेज मिले हैं, जिन्हें जब्त किया गया है। बैंक खातों की भी जांच की जाएगी, ताकि रुपए के लेन-देन की जानकारी जुटाई जा सके। सपना ठाकुर का पुलिस रिमांड खत्म होने पर मंगलवार शाम उसे जेल भेज दिया गया। जावरा थाने में दर्ज ठगी की शिकायत के मामले में जावरा पुलिस दोबारा कोर्ट से उसका रिमांड मांग सकती है।

Oct 1, 2026 - 08:18
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0