भरोसा जीता, मंडी कारोबार का झांसा दिया और 10-12 लाख लेकर दंपती फरार लोगों को बताया बेटा कनाडा में पढ़ रहा; मोबाइल बंद होने पर थाने पहुंचे पीड़ित
मंदसौर। दलौदा में करीब 18 महीने तक किराए के मकान में रहकर लोगों से मेलजोल बढ़ाने और अपना रईसाना स्टेटस दिखाने वाले पंजाब निवासी दंपती पर लाखों रुपए लेकर फरार होने का आरोप लगा है। दंपती ने स्थानीय लोगों से मंडी में पोस्तादाना का कारोबार करने और खरीदारी के लिए रुपए उधार लिए थे। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक अलग-अलग लोगों से करीब 10 से 12 लाख रुपए लेने के बाद दोनों अचानक मकान खाली कर गायब हो गए। संपर्क करने पर मोबाइल नंबर भी बंद मिले। इसके बाद परेशान लोगों ने दलौदा थाने पहुंचकर शिकायत आवेदन दिया है। जानकारी के अनुसार प्रवीण अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ दलौदा के पदमिनी विहार में करीब डेढ़ साल से अधिक समय से किराए के मकान में रह रहा था। इस दौरान दंपती ने आसपास के लोगों से लगातार मेलजोल बढ़ाया और अपना अच्छा-खासा आर्थिक स्टेटस प्रदर्शित किया। लोगों के बीच विश्वास बनाने के लिए दंपती की ओर से यह भी बताया जाता था कि उनका बेटा कनाडा में पढ़ाई कर रहा है। इसी सामाजिक व्यवहार और कथित तौर पर मजबूत आर्थिक स्थिति के चलते कुछ स्थानीय लोग उनके संपर्क में आए। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि दंपती ने मंडी में पोस्तादाना का व्यापार करने की बात कही और खरीदारी के लिए रुपए की जरूरत बताते हुए लोगों से उधार रकम ली। अलग-अलग लोगों से रकम लेने का सिलसिला चलता रहा। जब लोगों ने दंपती पर भरोसा कर रुपए दिए तो उन्हें अंदाजा नहीं था कि कुछ समय बाद दोनों अचानक गायब हो जाएंगे। शिकायत के अनुसार करीब 10 से 12 लाख रुपए लेने के बाद दंपती ने घर छोड़ दिया। अचानक घर से गायब होने के बाद लोगों ने प्रवीण अग्रवाल और उसकी पत्नी से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों के मोबाइल नंबर बंद मिले। इसके बाद रुपए देने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई। एक-दूसरे से संपर्क करने पर उन्हें पता चला कि कई लोगों ने दंपती को अलग-अलग रकम उधार दी थी। इसके बाद परेशान लोग सामूहिक रूप से दलौदा थाने पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत की। थाना प्रभारी दलौदा रविंद्र प्रताप डांगी ने बताया कि इस संबंध में शिकायत आवेदन प्राप्त हुआ है। शिकायत में पति-पत्नी द्वारा करीब 10 से 12 लाख रुपए लेकर चले जाने की बात कही गई है। दोनों के मोबाइल नंबर बंद आ रहे हैं। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले से जुड़ी जानकारी जुटा रही है और तथ्यों की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

