ट्रेनों में नींद और भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल उड़ाता था आरोपी, 9 मोबाइल-टैबलेट के साथ गिरफ्तार जीआरपी नीमच की कार्रवाई, पिपलियामंडी निवासी आरोपी के बैग से 1.88 लाख रुपए के डिजिटल उपकरण बरामद
मंदसौर। ट्रेनों में यात्रियों की नींद और भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी करने वाले एक आरोपी को जीआरपी नीमच ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9 मोबाइल फोन और एक टैबलेट बरामद किया है। जब्त डिजिटल उपकरणों की कुल कीमत 1 लाख 88 हजार 689 रुपए बताई गई है। पुलिस अब बरामद उपकरणों के वास्तविक मालिकों और उनके चोरी होने की घटनाओं की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को सूचना मिली थी कि ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करने वाला एक संदिग्ध नीमच रेलवे स्टेशन पर वायरलेस कार्यालय के पास काले रंग का बैग लेकर बैठा है। सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध भागने लगा, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान भगवती प्रसाद व्यास (42) निवासी पिपलियामंडी, जिला मंदसौर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद बैग से 10 डिजिटल उपकरण मिले। इनमें 9 मोबाइल फोन और एक टैबलेट शामिल था। पुलिस ने सभी उपकरण जब्त कर लिए। जीआरपी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। मामले में जीआरपी ने इस्तगासा क्रमांक 04/2026 के तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(1)(ई), 106 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में कार्रवाई की है। जब्त सामान की कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों की भीड़ और उनकी नींद का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी करता था। अब पुलिस बरामद मोबाइल और टैबलेट के संबंध में जानकारी जुटा रही है कि ये किन यात्रियों के हैं और इन्हें किन ट्रेनों से चोरी किया गया था। जीआरपी यह भी पता लगा रही है कि आरोपी अकेले ही वारदात करता था या उसके साथ चोरी करने वाला कोई गिरोह या अन्य व्यक्ति भी जुड़ा हुआ है। बरामद मोबाइल के आधार पर पुलिस आरोपी की अन्य वारदातों से कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
1
Angry
0
Sad
0
Wow
0

