गांधीसागर की कैबिनेट बैठक में दिखेगी मंदसौर की विकास गाथा, उपज से उद्यम तक का सफर होगा प्रदर्शित किसानों के ऑयल प्लांट, लहसुन, दूध, जैविक उत्पाद, पान और संतरे की लगेगी प्रदर्शनी; अतिथियों को जिले के प्रतीक चिह्न भेंट करेगा प्रशासन, कलेक्टर श्री सिंह ने दी पत्रकार वार्ता में जानकारी

मंदसौर। गांधीसागर में होने वाली प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक के जरिए जिला प्रशासन मंदसौर की विकास गाथा और स्थानीय उपलब्धियों को प्रदेश के सामने प्रस्तुत करने की तैयारी में है। कैबिनेट बैठक में शामिल होने वाले अतिथियों को जिले की विशेषताओं से परिचित कराने के लिए विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें किसानों की उपज को उद्यम से जोड़ने के प्रयासों, कृषि आधारित उद्योगों और स्थानीय उत्पादों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। किसानों द्वारा शासन की योजनाओं की मदद से लगाए गए ऑयल प्लांट, दूध, लहसुन, जैविक उत्पाद, पान और संतरे से जुड़ी गतिविधियां प्रदर्शनी का हिस्सा होंगी। इसके साथ ही कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के लिए किए गए प्रयासों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। यह जानकारी कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। इस मौके एनपीआर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना, एडीएम एकता जायसवाल भी उपस्थित थी। कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि गांधीसागर में होने वाली कैबिनेट बैठक को लेकर मुख्यमंत्री के आगमन से लेकर विभिन्न प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। आयोजन में आने वाले अतिथियों को मंदसौर जिले की पहचान से जुड़े प्रतीक चिह्न भेंट किए जाएंगे। जिसमे भगवान श्री पशुपतिनाथ की प्रतिमा, आरती, पोस्ता, स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित लहसुन का अचार, अलसी, मंदसौर की हाथ से निर्मित चादर शामिल होंगी। कलेक्टर ने बताया कि प्रदर्शनी के माध्यम से जिले की कृषि, स्थानीय उत्पादों और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। विशेष रूप से यह बताया जाएगा कि किस तरह शासन की योजनाओं का लाभ लेकर किसान कृषि उपज को उद्यम से जोड़ रहे हैं और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं। कलेक्टर ने बताया कि कैबिनेट बैठक के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है तथा आयोजन स्थल का निरीक्षण भी किया जा चुका है। मीडिया के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और आयोजन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का 17 नवम्बर को शाम 5 बजे हेलीकॉप्टर से गांधीसागर आगमन होगा, एमपीटी में रुकेंगे और उसी दिन नेशनल मीडिया से चर्चा करेंगे। टेंट सिटी में रात्री भोज होंगा वही संस्कृति आयोजन होंगे और रात्रि विश्राम होगा। 18 नवम्बर की सुबह मुख्यमंत्री डॉ यादव अल्पाहार के बाद चतुर्भुज नाला का अवलोकन करने जाएंगे।वहां से बोट से चम्बल नदी और गांधीसागर की विरासत को निहारते हुए पुनः टेंट सिटी पहुँचेंगे। जहां चम्बल माताजी की आरती होगी। इसके बाद 11.30 से 1 बजे तक केबिनेट की बैठक होगी, इसके बाद प्रेस ब्रीफिंग के पश्चात भोजन और बसों के माध्यम से खेमला का पॉवर प्रोजेक्ट का अवलोकन करने खेमला के लिए प्रस्थान होगा। प्रोजेक्ट अवलोकन के बाद प्रस्थान होगा। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने पत्रकार वार्ता में सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि कैबिनेट बैठक के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात व्यवस्था तक के इंतजाम पुख्ता किए गए हैं व्यवस्था के लिए मंदसौर जिले के अलावा बाहर से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। पुलिस का प्रयास है कि पूरे आयोजन के दौरान आम यातायात बाधित नहीं हो इसको लेकर के व्यवस्थाएं की गई है वीआई पी के आगमन और प्रस्थान के अतिरिक्त पूरा यातायात सुचारू रूप से चलता रहे इसके इंतजाम किए गए हैं । 00000000000000000000 कैबिनेट बैठक की तैयारियों की कलेक्टर ने की समीक्षा गांधीसागर में कैबिनेट बैठक के आयोजन को लेकर कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री के आगमन और प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। मंत्रियों के लिए नियुक्त सत्कार अधिकारियों को उनके दायित्वों के संबंध में विशेष निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने मंत्रियों के स्टाफ और अन्य अतिथियों के ठहरने, भोजन तथा आवागमन की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय और बेहतर संवाद बनाए रखने तथा प्रत्येक कार्य की स्पष्टता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने सुरक्षा, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। अपर कलेक्टर एकता जायसवाल और जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन ने भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

Nov 16, 2026 - 08:13
 0  1

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0