धमकियों के आरोप पर सुवासरा बंद: व्यापारियों का उग्र प्रदर्शन, दो घंटे चक्काजाम के बाद पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिलाध्यक्ष शंभूलाल उर्फ प्रिंस सूर्यवंशी और उनके साथियों पर व्यापारियों को धमकाने तथा एससी-एसटी एक्ट में झूठे प्रकरण में फंसाने की कथित धमकी के आरोपों को लेकर शुक्रवार को सुवासरा नगर पूरी तरह बंद रहा। व्यापारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के आह्वान पर बाजार बंद रहे। बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने पहले सभा चौक पर सभा कर विरोध जताया और बाद में पेट्रोल पंप चौराहे पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। सूचना मिलते ही विधायक हरदीपसिंह डंग, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। व्यापारियों का आरोप है कि सीसी रोड निर्माण को लेकर हुए विवाद के बाद दर्ज एफआईआर से नाराज प्रिंस सूर्यवंशी अपने समर्थकों के साथ व्यापारियों के पास पहुंचे और उन्हें धमकाया। आरोप है कि व्यापारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें एससी-एसटी एक्ट में झूठे प्रकरण दर्ज कराने की चेतावनी दी गई। इस घटना के बाद गुरुवार को व्यापारियों ने थाना प्रभारी को आवेदन देकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की थी। गुरुवार देर रात सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापत सुवासरा पहुंचे और व्यापारियों से चर्चा कर स्थिति सामान्य बनाने का प्रयास किया, लेकिन व्यापारियों ने स्पष्ट कर दिया कि आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इसी निर्णय के तहत शुक्रवार सुबह से नगर का बाजार पूरी तरह बंद रखा गया। सुबह से ही व्यापारी, सामाजिक संगठन और नागरिक सभा चौक पर एकत्रित हुए। यहां सभा और नारेबाजी के बाद प्रदर्शनकारी पेट्रोल पंप चौराहे पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले जाम से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब रास्ता खाली नहीं हुआ,मौके पर पहुंचे एसडीओपी दिनेश प्रजापति ने समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शन के दौरान किसी असामाजिक तत्व ने वहां गुजर रहे ट्रक पर पत्थर मार दिया। माहौल तनावपूर्ण होते देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर मार्ग को बहाल कराया। इस दौरान कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी बना। प्रदर्शन के दौरान विधायक हरदीपसिंह डंग, पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने प्रिंस सूर्यवंशी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा जिला बदर की मांग उठाई। अधिकारियों ने व्यापारियों से बातचीत कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उल्लेखनीय हैं की पूरा विवाद एक दिन पहले पुराने बस स्टैंड मार्ग पर हुए चक्काजाम से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार मोहर्रम जुलूस के मार्ग में खड़ी सीमेंट-कंक्रीट मशीन को हटाने की मांग को लेकर कुछ लोगों ने बिना अनुमति सड़क पर धरना देकर यातायात बाधित किया था। फरियादी सुनील मांदलिया की शिकायत पर पुलिस ने शंभूलाल उर्फ प्रिंस सूर्यवंशी सहित 21 नामजद तथा 10 से 15 अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। व्यापारियों का आरोप है कि इसी कार्रवाई के बाद शिकायतकर्ताओं को धमकाया गया, जिससे नगर के व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। उनका कहना है कि जब तक आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर गिरफ्तारी नहीं की जाती, तब तक आंदोलन और बाजार बंद जारी रहेगा। इधर, पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा सभी पक्षों से प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Aug 8, 2026 - 08:13
 0  1

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0