नदी में गिरने से चंद फीट पहले पलटा सरसों से भरा ट्रक, ड्राइवर घायल मंदसौर-सीतामऊ रोड पर अरनिया निजामुद्दीन के पास हादसा; सड़क पर बिखरे सरसों के कट्टे, डायल-112 ने घायल को अस्पताल पहुंचाया
मंदसौर। मंदसौर-सीतामऊ रोड पर अरनिया निजामुद्दीन के पास सोमवार सुबह सरसों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसा सोमली नदी की पुलिया के बिल्कुल नजदीक हुआ। गनीमत रही कि ट्रक नदी में गिरने से महज कुछ फीट पहले ही पलट गया। यदि वाहन कुछ दूरी और आगे बढ़ जाता तो नदी में गिर सकता था। हादसे में ट्रक चालक हुकुमचंद पिता खेमराज (30), निवासी कोटा घायल हो गए। उनके हाथ में फ्रैक्चर बताया गया है। पुलिस के अनुसार ट्रक क्रमांक आरजे 09 जीएफ 2390 सरसों से भरा था और चोमेला से नीमच की ओर जा रहा था। अरनिया निजामुद्दीन के पास सोमली नदी की पुलिया के नजदीक अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया। चालक वाहन को संभाल पाता, इससे पहले ही ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में भरे सरसों के कट्टे सड़क पर बिखर गए। ट्रक नदी से महज कुछ फीट की दूरी पर पलटा था। ऐसे में हादसे के दौरान बड़ा खतरा टल गया। दुर्घटना में चालक के अलावा किसी अन्य के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही नई आबादी थाना पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल चालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया। हादसे के बाद सड़क पर बिखरे सरसों के कट्टों को दूसरे वाहन में शिफ्ट कराया गया। नई आबादी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि ट्रक पलटने के बाद मौके पर सरसों के कट्टे बिखर गए थे। माल को दूसरे वाहन में शिफ्ट कराया गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

