पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, सुवासरा-अफजलपुर के थाना प्रभारी बदले मोहर्रम जुलूस के दौरान बिगड़ी कानून-व्यवस्था के बाद सुवासरा टीआई लाइन अटैच; लंबे समय से खाली अफजलपुर थाने की कमान विकास गहलोत को
मंदसौर। जिले की पुलिस व्यवस्था में मंगलवार को बड़ा फेरबदल किया गया। एसपी विनोद कुमार मीना ने तीन निरीक्षकों, एक उपनिरीक्षक और तीन प्रधान आरक्षकों सहित कुल सात पुलिसकर्मियों के तबादले किए हैं। फेरबदल में अफजलपुर, सुवासरा और अजाक थानों के प्रभारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। सुवासरा थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह बघेल को पुलिस लाइन भेज दिया गया है। उनकी जगह निरीक्षक भगवान दास बीरा को सुवासरा थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। बलवीर सिंह चौधरी को अजाक थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं लंबे समय से थाना प्रभारी के पद पर रिक्त चल रहे अफजलपुर थाने की कमान बूढ़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विकास गहलोत को दी गई है। सुवासरा में पिछले महीने मोहर्रम के जुलूस के दौरान पुलिस व्यवस्था को लेकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। हालात इस कदर बिगड़े कि सुवासरा बंद तक की नौबत आ गई थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसपास के थाना प्रभारियों के साथ मंदसौर के एडिशनल एसपी को भी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत करनी पड़ी थी। पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल में सुवासरा थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह बघेल को हटाकर पुलिस लाइन भेजे जाने के पीछे इस घटना को प्रमुख कारण माना जा रहा है। अफजलपुर थाने की कमान अब विकास गहलोत के हाथ अफजलपुर थाना प्रभारी हरीश मालवीय को एसपी ने 6 अगस्त को काम में लापरवाही के चलते लाइन अटैच किया था। करीब 25 दिन बाद अब बूढ़ा चौकी प्रभारी विकास गहलोत को अफजलपुर थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हरीश मालवीय को अप्रैल 2026 में गरोठ से स्थानांतरित कर अफजलपुर थाने का प्रभारी बनाया गया था। करीब साढ़े तीन महीने के कार्यकाल में पुलिस ने कई महत्वपूर्ण मामलों में कार्रवाई की थी। हालांकि, उनके खिलाफ रुपयों के लेनदेन से जुड़े आरोप भी सामने आए थे, जिनकी विभाग की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई। एसपी ने उन्हें काम में लापरवाही और अनियमितताओं के चलते लाइन अटैच किया था। नवनियुक्त अफजलपुर थाना प्रभारी विकास गहलोत नवंबर 2025 से बूढ़ा चौकी प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इस दौरान वे पुलिस की विशेष टीम का हिस्सा भी रहे और जिले में हुई कई बड़ी एवं चर्चित पुलिस कार्रवाइयों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। आरक्षक से लेकर प्रधान आरक्षकों तक तबादले तबादला सूची में आरक्षक ड्राइवर वीरेंद्र सिंह को पुलिस लाइन से कचनारा चौकी भेजा गया है। प्रधान आरक्षक ड्राइवर मनोहर दास बैरागी का कचनारा चौकी से पुलिस लाइन तबादला किया गया है। वहीं प्रधान आरक्षक रमीज राजा को सीतामऊ से पुलिस लाइन अटैच किया गया है। एसपी ने कहा- बेहतर काम करने वालों को मिलेगा अवसर एसपी विनोद कुमार मीना ने कहा कि विभाग में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ अवसर दिए जाएंगे। वहीं काम में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आवश्यकता के अनुसार आगे भी प्रशासनिक स्तर पर बदलाव किए जाएंगे, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

