बिजली चोरी का केस बनने के बाद खुद को लगाई आग, 80% झुलसी महिला ने इंदौर में दम तोड़ा विद्युत कार्यालय पहुंची थी बेटे के साथ, पति ने कंपनी पर लगाए गंभीर आरोप; मौत के बाद पुलिस जांच पर टिकी नजरें
पिपलिया स्टेशन (निप्र)। बोतलगंज में बिजली चोरी की कार्रवाई के बाद खुद को आग लगाने वाली 40 वर्षीय मरियम पति आशिक गुटी की गुरुवार सुबह इंदौर में उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला घटना में करीब 80 प्रतिशत झुलस गई थी। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए इंदौर ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बुधवार को विद्युत वितरण कंपनी की टीम ने बोतलगंज स्थित स्लेट पेंसिल कारखाने में बिजली चोरी का प्रकरण बनाया था। इसके बाद मरियम अपने बेटे के साथ विद्युत कार्यालय पहुंची थी। यहां बातचीत के दौरान महिला ने कथित रूप से स्वयं पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। अचानक हुई घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। महिला को बचाने के प्रयास में उसके पति आशिक का हाथ भी झुलस गया था। घटना की सूचना मिलने पर एसडीओपी पिन्टू बघेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार महिला ने स्वयं आग लगाई थी। वहीं पति आशिक ने विद्युत कंपनी पर आरोप लगाया था कि उसके खिलाफ 4-5 लाख रुपए का प्रकरण बनाने तथा एक लाख रुपए में मामला निपटाने की बात कही गई थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद मामले को लेकर किसान एवं कांग्रेस नेताओं ने निष्पक्ष जांच की मांग की थी। महिला की मौत के बाद अब पुलिस जांच महत्वपूर्ण हो गई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान, घटनास्थल से मिले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई करेगी। महिला की मौत के बाद परिजनों में शोक का माहौल है। वहीं घटना को लेकर बिजली कंपनी की कार्रवाई, महिला के आग लगाने और पति द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के निष्कर्ष पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

