नेटबॉल मैच दो मिनट में खत्म करने पर विवाद, शामगढ़ के चार स्कूली खिलाडिय़ों से मारपीट का आरोप

मंदसौर। देवास में आयोजित नेटबॉल प्रतियोगिता में शामगढ़ क्षेत्र से खेलने गए स्कूली खिलाडिय़ों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। प्रतियोगिता के दौरान मैच की अवधि को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि कहासुनी के बाद रेफरी और अन्य लोगों ने खिलाडिय़ों के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे टीम के कोच के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार शामगढ़ क्षेत्र से स्कूली खिलाडिय़ों की टीम नेटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने देवास पहुंची थी। प्रतियोगिता के दौरान मैच की अवधि को लेकर विवाद की स्थिति बनी। टीम से जुड़े लोगों के अनुसार मैच करीब 10 मिनट का होना था, लेकिन इसे महज दो मिनट में ही समाप्त कर दिया गया। इस पर खिलाडिय़ों ने आपत्ति जताई। इसे लेकर टीम से जुड़े लोगों और प्रतियोगिता से जुड़े व्यक्तियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई। टीम से जुड़े लोगों ने आरोप लगाया कि शामगढ़ की टीम के करीब चार खिलाडिय़ों के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद टीम के अन्य सदस्यों में भी नाराजगी फैल गई। खिलाडिय़ों के साथ विवाद की जानकारी मिलने पर टीम के कोच नारायणसिंह निवासी गरोठ ने बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद कोच नारायणसिंह ने संबंधित पुलिस थाने में आवेदन देकर शिकायत की है। आवेदन में प्रतियोगिता के दौरान खिलाडिय़ों और कोच के साथ कथित मारपीट की जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्कूली खिलाडिय़ों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने दूसरे शहर पहुंचे स्कूली खिलाडिय़ों के साथ विवाद और मारपीट की स्थिति बनने से आयोजन व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। खेल प्रतियोगिताओं में बच्चों की सुरक्षा आयोजकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। ऐसे में विवाद की स्थिति बनने पर आयोजकों और जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति नियंत्रित किए जाने की अपेक्षा रहती है। फिलहाल पुलिस को दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। मारपीट की घटना के वास्तविक कारण और इसमें शामिल लोगों की भूमिका पुलिस की जांच के बाद स्पष्ट होगी।

Sep 15, 2026 - 08:08
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0