सात वारदातों के पीछे निकली पारदी गैंग, एसपी ने पत्रकार वार्ता में किया खुलासा सोलर प्लांट की केबल और बर्तन गोदाम निशाने पर; दो आरोपी गिरफ्तार, तीन विधि-विरुद्ध बालक अभिरक्षा में 6.50 लाख का मशरूका बरामद, चोरी की केबल जलाकर निकालते थे तांबा

मंदसौर। पिपलियामंडी और वायडीनगर क्षेत्र में सोलर पावर प्लांट से केबल और बर्तन गोदामों से तांबे के सामान चोरी करने वाली पारदी गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने पत्रकार वार्ता में गैंग की सात वारदातों का खुलासा किया। पुलिस ने गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन विधि-विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की केबल जलाकर निकाला गया करीब 18 किलोग्राम तांबा, तांबे के पुराने बर्तन व अन्य सामान और वारदात में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 6.50 लाख रुपए है। दिन में रेकी, रात में चंद मिनट में वारदात एसपी ने बताया कि गैंग के सदस्य दिन में मोटरसाइकिलों से घूमकर सोलर प्लांट, गोदाम, दुकान और सूने मकानों की रेकी करते थे। रात में मौका मिलते ही गिरोह के सदस्य वारदात को अंजाम देते और कुछ ही मिनटों में फरार हो जाते थे। गैंग की खास नजर तांबे की केबल, बर्तन और अन्य कीमती धातुओं पर रहती थी। चोरी की गई महंगी केबल को जलाकर उससे तांबा निकाला जाता था और फिर मंदसौर व नीमच में बेच दिया जाता था। सीसीटीवी और साइबर तकनीक बनी अहम कड़ी पुलिस ने चोरी की घटनाओं के बाद क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ साइबर सेल से तकनीकी सहायता ली गई। जांच के दौरान मिली महत्वपूर्ण सूचनाओं के आधार पर महेन्द्र सिंह पिता विनोद सिंह पारदी (38), निवासी मालखेड़ा, थाना नीमच सिटी और गोलू पिता गोविंद पारदी (24), निवासी सुवासरा को गिरफ्तार किया गया। इनके साथ तीन विधि-विरुद्ध बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया। केबल चोरी से लेकर बर्तन गोदाम तक पुलिस के अनुसार 8 जुलाई को बोतलगंज स्थित श्रीराम वेयर हाउस के पीछे सौर ऊर्जा प्लांट से करीब 3 लाख रुपए कीमत की केबल चोरी हुई थी। इस मामले में थाना पिपलियामंडी में अपराध क्रमांक 188/2026 दर्ज किया गया था। इसके बाद 7 अक्टूबर को फाटक मोहल्ला पिपलियामंडी स्थित बर्तन गोदाम की दीवार तोड़कर करीब 2 लाख रुपए कीमत के तांबे के पुराने बर्तन व अन्य सामान चोरी किया गया। इस मामले में अपराध क्रमांक 300/2026 दर्ज किया गया। पूछताछ में सात वारदातें कबूलीं पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने पिपलियामंडी थाना क्षेत्र की तीन और वायडीनगर थाना क्षेत्र की चार, कुल सात चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर सोलर प्लांट की चोरी की केबल को जलाकर निकाला गया करीब 18 किलोग्राम तांबा, बर्तन गोदाम से चोरी किए गए तांबे के पुराने बर्तन व अन्य सामान तथा बजाज पल्सर, हीरो एचएफ डीलक्स और हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामद मशरूके की कुल कीमत करीब 6.50 लाख रुपए है। नाबालिगों को भी गिरोह में रखते थे पुलिस के अनुसार गैंग के सदस्य वारदातों के लिए अक्सर नाबालिगों को भी साथ रखते थे। चोरी के बाद केबल को जलाकर तांबा निकालना और धातु के सामान को कम कीमत पर बेचना इनके काम करने का तरीका था। पुलिस अब आरोपियों से चोरी का सामान खरीदने वालों और अन्य वारदातों में शामिल लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई एसपी विनोद कुमार मीना के निर्देश पर एएसपी तेर सिंह बघेल और एसडीओपी मल्हारगढ़ पिन्टु कुमार बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में की गई। चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रितेश डामोर, उपनिरीक्षक जया भारद्वाज, सहायक उपनिरीक्षक संतोष मुनिया सहित पुलिस टीम और साइबर सेल की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Oct 9, 2026 - 08:23
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0