भैंसोदामंडी में जुआ-सट्टे के अड्डे पर दबिश, 27 गिरफ्तार 20 मोटरसाइकिलें और 24 मोबाइल जब्त, सट्टा पर्चियों में 20 लाख रुपये का हिसाब मिला; तीन आरोपी फरार
भानपुरा। मंदसौर जिले के भैंसोदामंडी में जुआ-सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भानपुरा थाना पुलिस ने 27 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से 37 हजार 610 रुपये नकद, 288 सट्टा अंक पर्चियां, ताश के 52 पत्ते, 24 मोबाइल फोन, दो कैलकुलेटर और आठ डायरियां जब्त की हैं। सट्टा पर्चियों में करीब 20 लाख रुपये का हिसाब दर्ज होने की बात सामने आई है। इसके अलावा मौके पर खड़ी 20 मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं, जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भैंसोदामंडी में श्यामसिंह चंदेल के बाड़े में 30 से 40 लोग जुआ-सट्टा खेलकर अवैध लाभ कमा रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विनय बुंदेला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 27 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीन आरोपी मौके का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस को मौके से सट्टा अंक लिखी 288 पर्चियां, आठ डायरियां और एक काले रंग का बैनर भी मिला, जिस पर अंक लिखे हुए थे। पुलिस के मुताबिक, पर्चियों में करीब 20 लाख रुपये का हिसाब दर्ज है। आरोपियों द्वारा ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से भी जुआ-सट्टा खेलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस संबंधित बैंकों से लेन-देन का ब्योरा जुटा रही है। जब्त मोबाइल फोन, पर्चियों और डायरियों की जांच के आधार पर सट्टे के कारोबार तथा इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई में जब्त 24 मोबाइल फोन की कीमत करीब 24 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही 20 मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं। पुलिस ने सभी सामग्री को कब्जे में लेकर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों में मंदसौर जिले के भैंसोदामंडी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के साथ राजस्थान के भवानीमंडी, झालावाड़ तथा आसपास के इलाकों के निवासी भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में देवीलाल गुर्जर, साहिल मोहम्मद, जितेंद्र सिंह परिहार, मांगीलाल मेघवाल, प्रकाश नट, राजेश ढोली, बद्रीलाल नट, ओमप्रकाश भील, भगवान सिंह राजपूत, लखन सिंधी, योगेंद्र सिंधी, अरशद, फूलचंद्र मेघवाल, नारायण बैरागी, रामेश्वर बागरी, रमेश धोबी, बृजेश तेली, राजेंद्र माली, हितेश कुमार सुतार, सत्यनारायण मेहर, सुरेंद्र सिंह भील, बहादुर सिंह सौंधिया राजपूत, रामप्रसाद सुतार और अन्य लोग शामिल हैं। मामले में थानसिंह निवासी भैंसोदामंडी, रईस चौधरी निवासी भवानीमंडी और हेमंत गुर्जर निवासी भैंसोदामंडी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विनय बुंदेला के साथ प्रधान आरक्षक गंगाचरण, रामचंद्र तथा आरक्षक बनवारी राठौर, राजेंद्र सिंह, तुलसीराम, कमल प्रताप सिंह, प्रतीक, ऋषिराज, मनीष जाट, जतिन दीक्षित, गिरधारी और हेमंत सिंह सहित भानपुरा थाना पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश और मार्गदर्शन में की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

