सड़क किनारे मिले नवजात की अस्पताल में मौत देवरी गांव में मिला था शिशु, हालत नाजुक होने पर मंदसौर जिला अस्पताल किया था रेफर
मंदसौर। शामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी में गुरुवार को सड़क किनारे मिले नवजात शिशु की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। नवजात को देखकर ग्रामीणों ने तत्काल शामगढ़ पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची महिलाओं ने शिशु को कपड़े में लपेटा और पुलिस व प्रशासनिक टीम ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, नवजात का जन्म करीब छह-सात घंटे पहले ही हुआ था। उसे शामगढ़ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत नाजुक होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए मंदसौर जिला अस्पताल रेफर किया गया था। हालांकि, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नवजात को सड़क किनारे छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही क्षेत्र में हाल ही में हुए प्रसव के रिकॉर्ड भी जांचे जा रहे हैं। आंगनवाड़ी सुपरवाइजर रीना जिंजोरिया ने बताया कि नवजात को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था। शामगढ़ थाने में प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

