लोन की किस्त मांगने, पानी की मोटर को लेकर विवाद, मेले में भिड़ी दो महिलाएं, बहू को साथ भेजने के विवाद में मारपीट, मारपीट के पांच मामलों में केस दर्ज

पिपलिया स्टेशन (निप्र)। पिपलियामंडी व नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में मारपीट के पांच केस दर्ज हुए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी। लोन की किस्त मांगने पहुंचे फाइनेंस कर्मचारी से मारपीट का आरोप:- पिपलियामंडी पुलिस थाने पर दर्ज शिकायत में आरबीएल फाइनेंस कंपनी में कार्यरत लोकेन्द्र सिंह ठाकुर (34), निवासी ग्राम मुंडला, तहसील इच्छावर, जिला सीहोर ने बताया कि 28 अक्टूबर को वह अपने साथी नीलेश धनगर के साथ लोन की किस्त लेने पिपलियापंथ निवासी राजेश्वरी मोगिया के घर पहुंचा था। शाम करीब 6 बजे घर के बाहर मिले पुष्कर मोगिया से किस्त को लेकर बातचीत हो रही थी। आरोप है कि इस दौरान पुष्कर ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने किसी लोहे की वस्तु से सिर पर वार किया। बचाव के दौरान लोकेन्द्र के सिर और दाहिने हाथ की उंगलियों में चोट आई। साथी नीलेश ने बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया। लोकेन्द्र ने दोबारा किस्त लेने आने पर जान से मारने की धमकी दी। पानी की मोटर का पाइप मांगने पर भाई से विवाद, मारपीट का आरोप:- पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के ग्राम बालागुढ़ा निवासी राहुल पाटीदार (32) ने अपने भाई गणपत पाटीदार और उसकी पत्नी संजू के खिलाफ मारपीट की शिकायत की है। राहुल के अनुसार सुबह उसने भाई से पानी की मोटर का पाइप मांगा था, लेकिन उसने देने से मना कर दिया। दोपहर करीब 3.30 बजे राहुल घर में बैठा था, तभी गणपत अपनी पत्नी संजू के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर गणपत ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसके दाहिने पैर में चोट आई। वहीं, संजू द्वारा धक्का-मुक्की करने से मुंह और बाएं पैर में चोट लगने का आरोप है। राहुल की पत्नी ने बीच-बचाव किया। इसके बाद दोनों ने दोबारा पाइप मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। राहुल ने बताया कि उसने पिपलियामंडी के सरकारी अस्पताल और मंदसौर के पमनानी अस्पताल में उपचार कराया। मेले में महिलाओं के बीच विवाद, दोनों पक्षों ने लगाए मारपीट के आरोप:- नारायणगढ़ मेले में बातचीत को लेकर हुए विवाद के बाद दो पक्षों की ओर से नारायणगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। टीना बाई प्रजापति (36), निवासी दीवानिया मोहल्ला, नारायणगढ़ ने शिकायत में बताया कि रात करीब 9.15 बजे वह अपनी भाभी शांतिबाई के साथ मेले में बातचीत कर रही थी। इसी दौरान किरण प्रजापति वहां पहुंची और उसके बारे में बात करने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करने लगी। टीना के अनुसार, विवाद बढ़ने पर किरण की मां शांतिबाई ने उसके गाल पर थप्पड़ मारा और किरण ने धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद किरण की भाभी रेखाबाई भी वहां पहुंची और तीनों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे पेट, गर्दन और दाहिने हाथ में चोट आई। टीना ने जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया। दूसरी ओर, किरण प्रजापति (28), निवासी पटेल मंदिर, नीम चौक, नारायणगढ़ ने शिकायत में बताया कि वह अपनी मां के साथ मेला देखने गई थी। रात करीब 9.30 बजे चप्पल की दुकान के सामने टीना प्रजापति ने उसकी शादी को लेकर टिप्पणी की। इस पर कहासुनी हो गई। किरण के अनुसार, टीना का पति सुनील और उसका भाई सुनील भी वहां आ गए तथा गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर टीना ने बाल पकड़कर थप्पड़ मारा, जिससे वह नीचे गिर गई और उसके दाहिने घुटने व बाएं हाथ में चोट आई। टीना के भाई ने भी लात मारकर चोट पहुंचाई। बहू को साथ भेजने के विवाद में समधी पक्ष के लोगों पर मारपीट का आरोप:- नारायणगढ़ थाने पर दर्ज शिकायत में ग्राम बांगरेड़ निवासी उदयराम बंजारा (55) ने बताया कि उनके बेटे शैतान की शादी ग्राम मंशाखेड़ी निवासी जगदीश बंजारा की बेटी सीमा से हुई है। सीमा को ससुराल नहीं भेजने को लेकर न्यायालय में मामला चल रहा है। इसी विवाद के चलते पहले भी दोनों पक्षों में कहासुनी हो चुकी है। उदयराम के अनुसार, 27 अक्टूबर को वह अपने साले कारूलाल बंजारा के साथ रिश्तेदारी से लौट रहे थे। झारड़ा बस स्टैंड पर उनके समधी जगदीश बंजारा और उनके बेटे गणेश व विजयपाल मिले तथा बातचीत के लिए मंशाखेड़ी बुलाया। शाम करीब 4 बजे सरकारी स्कूल के पास बातचीत के दौरान तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान हीरालाल बंजारा भी वहां आ गया और उसने भी मारपीट की। घटना में उदयराम की दाहिनी आंख व शरीर पर तथा कारूलाल के बाएं हाथ पर चोट आई। उदयराम ने सीमा को ले जाने की बात करने पर जान से खत्म करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

Oct 30, 2026 - 08:12
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0