मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान : भूखी शिविर में 128 शिकायतें, 56 का मौके पर निराकरण

मंदसौर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शनिवार को जनपद पंचायत मंदसौर के ग्राम भूखी में शिविर आयोजित हुआ। इसमें ग्रामीणों से 128 समस्याएं एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 56 का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि 72 शिकायतों के निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई। शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ भी दिया गया। सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि अभियान के माध्यम से अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा शासन की योजनाओं का लाभ लेकर अपना उद्यम स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने के साथ अन्य लोगों को भी रोजगार दे सकते हैं। उन्होंने जिले के शिल्पकारों द्वारा तैयार उत्पादों को प्रोत्साहन एवं उनके विक्रय के लिए बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र मुल्तानपुरा में अब तक 82 औद्योगिक इकाइयां शुरू हो चुकी हैं। औद्योगिक क्षेत्र में आवंटित प्लॉटों के आवंटित व्यक्तियों के नाम एवं आवंटन तिथि दर्शाने वाला बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए। उद्यम संवाद में सतीश मालवीय, राजेंद्र कुमार शर्मा, अनूप गर्ग, पुष्पेंद्र भावसार एवं जय राठौड़ ने अपने उद्यमों की सफलता की जानकारी दी। उद्यानिकी क्षेत्र में श्यामलाल गुर्जर, बालमुकुंद पाटीदार एवं धर्मेंद्र गुर्जर ने भी अपनी सफलता की कहानी साझा की। सखी स्वावलंबन योजना के तहत परिवहन सेवा के लिए शादाब खान, सेवा गतिविधि के लिए अंशुल रतनावत, पशुपालन के लिए दुर्गा मीणा, पानी-पताशे के लिए पूजा प्रजापत, साड़ी व्यवसाय के लिए पदमा, प्राकृतिक जूस के लिए शकुंतला गर्ग एवं मीनाकारी के लिए चितरा राव को सांसद ने राशि के चेक प्रदान किए। अभियान के तहत कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने अधिकारियों के साथ नगर वन देव डूंगरी, रेवास देवड़ा, नौगावा गुर्जर, हैदरवास, करौली, नौगांव एवं गुर्जरदा का भ्रमण किया। हैदरवास में ग्रामीणों ने अधिक राशि के विद्युत बिल की शिकायत की। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद विद्युत वितरण कंपनी के इंजीनियर को बिलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। करौली में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना से संदीप पाटीदार द्वारा स्थापित ऑयल मिल का निरीक्षण किया। रेवास देवड़ा में श्रीकृष्ण गौशाला, नौगांव में आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं आंगनबाड़ी केंद्र तथा गुर्जरदा हाईस्कूल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी ली। विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण भी किया गया। शिविर में विधायक विपिन जैन, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंत शर्मा, कलेक्टर दिव्यांक सिंह, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Aug 30, 2026 - 08:36
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0