अवैध ड्रग्स की खेप लेकर जा रहे तस्कर को पुलिस ने दबोचा, 60 ग्राम एमडी व 4.144 किलो डोडाचूरा जब्त
मंदसौर जिले की अफजलपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 60 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन), 4 किलो 144 ग्राम डोडाचूरा तथा बिना नंबर की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त मादक पदार्थ और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.19 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थ के खरीददार, सप्लायर और तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। पुलिस के अनुसार 3 अगस्त को थाना अफजलपुर पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति काले रंग की बजाज प्लेटिना-100 मोटरसाइकिल से दलौदा से सीतामऊ की ओर अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी कर वाहन जांच शुरू की। नाकाबंदी के दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये की बिना नंबर की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में चालक ने अपना नाम दीपक पिता धन्नालाल निवासी लसुडिया ईल्ला, थाना दलौदा, जिला मंदसौर बताया। तलाशी के दौरान उसकी जेब से 60 ग्राम एमडी तथा उसके कब्जे में मौजूद विमल के झोले से 4 किलो 144 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। प्राथमिक जांच में आरोपी का कृत्य एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना अफजलपुर में अपराध क्रमांक 201/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ धारा 8/15, 22 एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार जब्त 60 ग्राम एमडी की अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये, 4 किलो 144 ग्राम डोडाचूरा की कीमत करीब 9 हजार रुपये तथा बिना नंबर की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 50 हजार रुपये है। पूरे अभियान में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय एवं अफजलपुर थाना पुलिस की टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और मादक पदार्थ की आपूर्ति करने वाले तथा खरीदने वाले अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

