पीवीसी दुकान से 64 हजार की चोरी का खुलासा: 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी गिरफ्तार, पूरी रकम बरामद
जिले की दलौदा पुलिस ने पीवीसी दुकान के गल्ले से 64 हजार रुपये चोरी करने की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पूरी नकदी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी पर इंदौर के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, अवैध हथियार रखने सहित संपत्ति संबंधी अपराधों के 13 मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार गुर्जरबर्डिया निवासी विक्रम पाटीदार ने 5 अगस्त को दलौदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दलौदा स्थित जैन मंदिर के पास एचडीएफसी बैंक के नीचे संचालित उनकी 'श्री सांवलिया होम डेकोर' पीवीसी दुकान से 4 अगस्त की शाम करीब 6 बजे अज्ञात युवक गल्ले में रखे 64 हजार रुपये चोरी कर फरार हो गया। घटना के समय फरियादी और दुकान का कर्मचारी पीछे बने गोदाम में काम से गए हुए थे, जिससे काउंटर कुछ देर के लिए खाली था। इसी का फायदा उठाकर सफेद टी-शर्ट पहने एक युवक दुकान में घुसा और गल्ले में रखी नकदी लेकर भाग निकला। प्रकरण दर्ज होने के बाद दलौदा पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर आरोपी के भागने के संभावित मार्ग तक 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की पहचान इंदौर निवासी मोईन उर्फ काला उर्फ बारिक (21) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की पूरी 64 हजार रुपये की राशि बरामद कर ली। पूछताछ में आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध इंदौर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी, नकबजनी, अवैध हथियार रखने तथा संपत्ति संबंधी अपराधों के कुल 13 प्रकरण पहले से दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों की भी जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

