इस्कॉन विवाद में तीन पदाधिकारी सस्पेंड, राजहंस कॉलोनी में इस बार नहीं मनेगी जन्माष्टमी मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा विवाद; दोनों पक्षों पर केस, ब्राह्मण समाज ने एसपी कार्यालय पहुंचकर की सख्त कार्रवाई की मांग
मंदसौर। गांधी नगर की राजहंस कॉलोनी में इस्कॉन मंदिर से जुड़े पदाधिकारियों पर मारपीट के आरोप का मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया। मामले में पुलिस शिकायत के साथ विवाद ने तूल पकड़ा तो इस्कॉन के पदाधिकारियों की टीम मंदसौर पहुंची और मैनेजमेंट से चर्चा की। इसके बाद तीन लोगों को सस्पेंड कर दिया गया। वहीं, राजहंस कॉलोनी में इस बार जन्माष्टमी का आयोजन नहीं करने का निर्णय लिया गया है। कॉलोनी में लगाए गए टीन शेड भी हटाए जाएंगे। मामले में दोनों पक्षों ने यशोधर्मन थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) और 352 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर, विवाद के बाद ब्राह्मण समाज ने भी आरोपियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। समाज के लोग एसपी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। यह था विवाद राजहंस कॉलोनी निवासी चित्रांश जोशी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह परिवार के साथ घर पर थे। इसी दौरान धीरज पोरवाल उनके घर के सामने गार्डन की जमीन पर बने टीन शेड को आगे बढ़ाने के लिए सफाई कर रहे थे। चित्रांश ने शेड आगे बढ़ाने पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। चित्रांश का आरोप है कि धीरज ने उनके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर थप्पड़ों से मारपीट की। इसके बाद अनिल पाटीदार और विनोद पाटीदार भी मौके पर पहुंचे। चित्रांश के मुताबिक, उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई, जिसमें गर्दन, सिर और बाएं हाथ की उंगली में चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पिता के साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई शिकायत वहीं, दूसरे पक्ष से धीरज पोरवाल निवासी बापूनगर ने अनिल पाटीदार और विनोद पाटीदार के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। धीरज ने पुलिस को बताया कि राजहंस कॉलोनी में राधा-कृष्ण मंदिर के सामने गार्डन में जन्माष्टमी आयोजन की तैयारियों के लिए वह एक मजदूर के साथ सफाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद की स्थिति बनी। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

