अंधेरे में भागा शराब तस्कर, पिकअप में मिली 92 पेटी शराब दलौदा पुलिस की नाईखेड़ी-टोलखेड़ी मार्ग पर बड़ी कार्रवाई, वाहन समेत 13.17 लाख रुपए का मशरूका जब्त

दलौदा। अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ दलौदा पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नाईखेड़ी से टोलखेड़ी जाने वाले आम रास्ते पर एक पिकअप वाहन से 92 पेटी अवैध शराब जब्त की। इसमें 30 पेटी देशी प्लेन शराब और 62 पेटी माउंट्स 6000 सुपर स्ट्रॉन्ग बीयर शामिल है। जब्त शराब की कुल मात्रा 1014 बल्क लीटर बताई गई है। पुलिस ने शराब और पिकअप वाहन सहित कुल 13 लाख 17 हजार 856 रुपए का मशरूका जब्त किया है। पुलिस के अनुसार 2 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की पिकअप से अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नाईखेड़ी-टोलखेड़ी मार्ग पर घेराबंदी की। इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए की पिकअप क्रमांक एमपी 14 जेडएफ 1579 आती दिखाई दी। पुलिस ने घेराबंदी की तो चालक ने वाहन सड़क किनारे रोक दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भाग गया। पुलिस टीम ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें देशी मदिरा प्लेन की 30 पेटियां मिलीं, जिनकी कीमत करीब 1 लाख 14 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा माउंट्स 6000 सुपर स्ट्रॉन्ग बीयर केन की 62 पेटियां मिलीं, जिनकी कीमत करीब 2 लाख 3 हजार 856 रुपए है। पुलिस ने शराब जब्त कर पिकअप वाहन को भी कब्जे में ले लिया। विवेचना के दौरान पिकअप वाहन लियाकत पिता अफजल खां मेव, निवासी गौतम नगर दलौदा के नाम दर्ज होना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने वाहन मालिक लियाकत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे अवैध शराब के स्रोत, परिवहन और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। दलौदा पुलिस ने कार्रवाई में करीब 10 लाख रुपए कीमत की महिंद्रा पिकअप, 1 लाख 14 हजार रुपए की देशी शराब और करीब 2 लाख 3 हजार 856 रुपए कीमत की बीयर जब्त की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रविन्द्र प्रताप डांगी, सउनि कैलाश बघेल, प्रधान आरक्षक दीपेंद्र सिंह यादव, आरक्षक युवराज सिंह, सुनील बघेल तथा चालक आरक्षक मुकेश नैन सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Sep 3, 2026 - 08:04
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0