कलेक्ट्रेट की बैरिकेडिंग तोड़कर घुसे एनएसयूआई कार्यकर्ता, पुतला फूंकने पर पुलिस ने पानी की बौछार की छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग पर प्रदर्शन; पुलिस से झूमाझटकी और धक्का-मुक्की, करीब दो घंटे चला हंगामा
मंदसौर। छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग को लेकर गुरुवार दोपहर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव कर दिया। पुलिस की बैरिकेडिंग पार कर कार्यकर्ता परिसर में घुस गए और नारेबाजी करने लगे। कलेक्टर से मुलाकात नहीं होने पर बाहर आकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुतला जलाने की कोशिश की। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों के बीच कई बार झूमाझटकी और धक्का-मुक्की हुई। कार्यकर्ताओं ने दो-तीन बार पुतला जलाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने हर बार उसे छीनने की कोशिश की। सिविल ड्रेस में तैनात पुलिसकर्मियों से भी कार्यकर्ताओं की धक्का-मुक्की हुई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने फायर ब्रिगेड बुलाकर पानी की बौछार कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने कहा कि कलेक्टर से मांग की गई है कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद छात्रसंघ चुनाव को लेकर सरकार जल्द गजट नोटिफिकेशन जारी करे और चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने छात्रों पर लाठी चलाने की कोशिश की। चौकसे ने सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप भी लगाया। प्रदर्शन के बाद चौकसे ने कार्यकर्ताओं के साथ उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के घर जाने की बात कही, लेकिन कार्यकर्ता वहां नहीं पहुंचे और होटल बसेर में रुक गए। प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष मंथन धनोतिया, विधायक विपिन जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष कुणाल पटवारी, रणजीत सिंह पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

