पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक सड़क पर घिसटता गया, गले में 20 से ज्यादा टांके डग से किशोरपुरा लौट रहा था 25 वर्षीय मदन माली, सिर पर भी लगे 8 टांके; पैर फ्रैक्चर, हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल रेफर
सुवासरा। सुवासरा के पास बुधवार रात पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक गंभीर घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद युवक बाइक समेत सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया। उसके गले में गहरा कट लगा, जबकि सिर, हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। किशोरपुरा निवासी मदन माली बुधवार दोपहर अपने पिता दयाराम माली के साथ रिश्तेदारों से मिलने डग गया था। रात में वह मोटरसाइकिल से गांव लौट रहा था। इसी दौरान सुवासरा के पास एक पिकअप वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मदन सड़क पर गिर गया और काफी दूर तक घिसटता चला गया। हादसे में उसके गले पर गहरा घाव हुआ, जबकि सिर, हाथ और पैरों में भी गंभीर चोटें आईं। मदन का दोस्त कमल दूसरी बाइक से उसके पीछे आ रहा था। हादसा होते ही उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन निजी वाहन से घायल मदन को सुवासरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रात करीब 12 बजे मंदसौर जिला अस्पताल लाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मदन के गले के गहरे घाव पर 20 से ज्यादा टांके लगाए, जबकि सिर के घाव पर 8 टांके आए। उसका एक पैर फ्रैक्चर हो गया है। हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार हादसे के बाद पिकअप चालक मौके पर ही रुक गया था। चोमेला पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

