गैस कटर से एटीएम काटकर 6 लाख उड़ाने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा 1000 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालकर गरोठ पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा, एक फरार; कार, गैस कटर, दो ऑक्सीजन सिलेंडर और एटीएम की नकदी ट्रे बरामद
गरोठ भानपुरा रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को गैस कटर से काटकर करीब 6 लाख रुपए चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का गरोठ पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम के साथ वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार, गैस कटर, दो ऑक्सीजन सिलेंडर, एटीएम की नकदी ट्रे, रिजेक्शन बॉक्स और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी राजस्थान, हरियाणा और उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य पहले ऐसे एटीएम की रेकी करते थे, जहां सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं होता था। इसके बाद सीसीटीवी कैमरों को रसायन के छिड़काव से बंद कर गैस कटर से कुछ ही मिनट में एटीएम काटकर नकदी ट्रे निकाल लेते थे। पूछताछ में आरोपियों के पूर्व में एटीएम कटिंग, चोरी, लूट और धोखाधड़ी की वारदातों में शामिल होने की जानकारी भी सामने आई है। 29-30 अगस्त की दरमियानी रात भानपुरा रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को काटकर रुपए चोरी किए गए थे। बैंक के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक विनोद कलोरिया की रिपोर्ट पर गरोठ थाने में केस दर्ज किया गया। वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के करीब 1000 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोटा, बूंदी, जयपुर, भरतपुर, कासगंज, नूंह-मेवात और गुरुग्राम में आरोपियों की तलाश की। इसके बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनपाल सिंह पिता अशरफीलाल निवासी कासगंज, उत्तरप्रदेश, शहजाद उर्फ चिंकू पिता ईशब मेवाती निवासी नूंह-मेवात, हरियाणा और समीर पिता सिकंदर खान निवासी कोटा, राजस्थान के रूप में हुई है। तीनों से पूछताछ की जा रही है। न्यायालय ने आरोपियों को छह दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। मामले में शिवकुमार लोधी निवासी कासगंज फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऐसे एटीएम को निशाना बनाते थे, जहां सुरक्षा गार्ड नहीं होता था। वारदात से पहले एटीएम की रेकी कर सीसीटीवी कैमरों की जगह और आसपास की स्थिति देखी जाती थी। फर्जी एटीएम कार्ड के जरिए कार्ड डालने वाली जगह में पर्ची फंसा दी जाती थी, जिससे मशीन काम करना बंद कर देती थी और कोई दूसरा ग्राहक रुपए नहीं निकाल पाता था। वारदात के दौरान आरोपी दस्ताने पहनते और चेहरे पर कपड़ा बांधते थे। एक आरोपी रसायन का छिड़काव कर एटीएम के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को बंद करता था। इसके बाद गैस कटर चलाने में माहिर आरोपी एटीएम काटकर नकदी ट्रे निकालता था, जबकि गिरोह के अन्य सदस्य आसपास निगरानी रखते थे। रुपए निकालने के बाद सभी कार से फरार हो जाते थे। पुलिस के मुताबिक शहजाद के खिलाफ गुना और मेरठ में एटीएम कटिंग के मामलों में फरारी बताई गई है। वह सायला, जालोर, एटा और सबलगढ़ के मामलों में जमानत के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। मप्र, राजस्थान और उप्र में कई एटीएम काट चुके 2021: शहजाद ने साथियों के साथ मुरैना के जोरा रोड स्थित एसबीआई एटीएम को काटकर करीब 25 लाख रुपए चुराए। 2022: राजस्थान के जालोर जिले के सायला में एसबीआई एटीएम काटकर 2.63 लाख रुपए चोरी किए। 2022: मनपाल और शहजाद ने साथियों के साथ एटा, उत्तरप्रदेश के बस स्टैंड स्थित एक्सिस बैंक एटीएम को काटकर 25 लाख रुपए चुराए। 2023: मनपाल और शहजाद ने साथियों के साथ मेरठ में एक्सिस बैंक एटीएम काटने की वारदात की। 2023: मुरैना के सबलगढ़ में एसबीआई एटीएम काटकर करीब 21 लाख रुपए चोरी किए। 2025: मनपाल और शहजाद ने साथी के साथ गुना में एसबीआई एटीएम काटकर 4.50 लाख रुपए चुराए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

