फिल्म देखने गए परिवार की कार में तोड़फोड़, कांच फोड़े और स्क्रैच किए; स्काई सिनेप्लेक्स के बाहर वारदात
मंदसौर। शहर में अब घरों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर खड़े वाहन भी सुरक्षित नहीं नजर आ रहे हैं। स्काई स्टेशन रोड स्थित स्काई सिनेप्लेक्स के बाहर पार्किंग में खड़ी एक कार में बदमाशों ने तोड़फोड़ कर दी। घटना उस समय हुई, जब रामटेकड़ी निवासी विजय कुमार जोशी परिवार के साथ फिल्म देखने गए थे। फिल्म खत्म होने के बाद जब वे पार्किंग में पहुंचे तो कार के कांच टूटे मिले। वाहन पर कई जगह स्क्रैच भी किए गए थे। जानकारी के अनुसार विजय कुमार जोशी परिवार के साथ फिल्म देखने के लिए स्काई सिनेप्लेक्स पहुंचे थे। रात करीब 9 बजे फिल्म खत्म होने के बाद परिवार के साथ जब वे पार्किंग में अपनी कार के पास पहुंचे तो वाहन की हालत देखकर हैरान रह गए। कार के कांच टूटे हुए थे और बदमाशों ने वाहन के अलग-अलग हिस्सों पर स्क्रैच कर नुकसान पहुंचाया था। पार्किंग में खड़ी कार में इस तरह तोड़फोड़ किए जाने से परिवार में नाराजगी रही। घटना के बाद विजय कुमार जोशी ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब कार में तोड़फोड़ करने वाले बदमाशों की तलाश में जुटी है। वारदात के संबंध में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सार्वजनिक स्थान पर फिल्म देखने गए परिवार की कार में तोड़फोड़ की घटना ने पार्किंग स्थलों पर वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों, सिनेमा हॉल और अन्य पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों की सुरक्षा के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था की जरूरत महसूस की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

