ढाबे पर सांप को लेकर विवाद, लाठी-डंडों से मारपीट में तीन घायल

पिपलिया स्टेशन। खोखरा रोड स्थित एक ढाबे पर सांप को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को पिपलिया मंडी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मंदसौर रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने से एक घायल को निजी वाहन से मंदसौर ले जाना पड़ा। फरियादी गोपाल पिता नानुराम डाबी, निवासी टोल कांटा पिपलिया मंडी, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात करीब 8.30 बजे उन्हें घटना की जानकारी मिली। सूचना पर वे खोखरा रोड स्थित ईश्वर ओढ़ के ढाबे पर पहुंचे। वहां उनके भतीजे परमानंद पिता भारतलाल डाबी, सोनू पिता ओमप्रकाश डाबी और जमाई गोपाल पिता मानसिंह घायल अवस्था में पड़े थे। तीनों के सिर में चोटें थीं और खून निकल रहा था। बाद में 112 वाहन से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। शिकायत के अनुसार ढाबे पर मौजूद देवीलाल प्रजापत ने बताया कि ढाबे में सांप आने के बाद खोखरा निवासी गोविंद बावरी ने उसे पकड़कर बाहर फेंका था। इसी बात को लेकर गोविंद और परमानंद के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ देर बाद गोविंद अपने भाई गोपाल के साथ वापस आया और दोनों ने परमानंद के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए सोनू और गोपाल के साथ भी मारपीट की गई। फरियादी ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान लाठी से हमला किया गया, जिससे तीनों को चोटें आईं। जाते समय आरोपियों द्वारा भविष्य में जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। घायल पक्ष के परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना में 10 से 12 लोग शामिल थे और कुछ लोगों के पास लाठी-डंडे सहित अन्य हथियार थे। परिजनों ने बलवंत पिता गोविंद, गोविंद पिता मांगीलाल, गोपाल पिता मांगीलाल, राहुल पिता गोपाल, मंजू पति गोपाल, सरोपी पति बाबूलाल बावरी, संतरा पति अमरसिंह सोलंकी तथा अमरसिंह पिता चुन्नीलाल सोलंकी सहित अन्य लोगों पर हमले में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर शिकायत में नामजद सभी लोगों की भूमिका की जांच और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। इधर टीआई विक्रमसिंह इवने ने बताया कि फिलहाल प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

Sep 28, 2026 - 08:09
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0