15 सूत्रीय मांगों को लेकर नगर पालिका कर्मचारियों की भूख हड़ताल शुरू 19 सितंबर से चल रहा विरोध, कर्मचारियों ने चेताया- 5 अक्टूबर तक सुनवाई नहीं हुई तो करेंगे काम बंद
मंदसौर। 15 सूत्रीय मांगों को लेकर नगर पालिका कर्मचारी संयुक्त मोर्चा और विभिन्न कर्मचारी संगठनों से जुड़े कर्मचारियों ने रविवार से गांधी चौराहे पर भूख हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारी 19 सितंबर से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से मांगों को लेकर ज्ञापन देने के बावजूद समाधान नहीं हुआ, इसलिए अब आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांगों के निराकरण की मांग की है। प्रमुख मांगों में 15 से 20 वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को स्थायी करना, कर्मचारी की मृत्यु होने पर एक माह के भीतर अनुकंपा नियुक्ति देना और शहर में 100 पुरुष-महिला सफाई कर्मचारियों की भर्ती करना शामिल है। इसके अलावा आउटसोर्सिंग बंद करने, आठ घंटे से अधिक काम नहीं लेने, अतिरिक्त काम का भत्ता देने, समय पर वेतन भुगतान करने, ईपीएफ और सेवा पुस्तिका में कर्मचारियों के हस्ताक्षर कराने की मांग भी की गई है। कर्मचारियों ने हर महीने 1 से 7 तारीख के बीच वेतन भुगतान की मांग रखी है। उनका आरोप है कि सफाई कर्मचारियों को कई बार 15 से 20 तारीख तक किस्तों में वेतन मिलता है। इससे बैंक ऋण की किस्त समय पर जमा नहीं हो पाने पर अतिरिक्त जुर्माना भरना पड़ता है और साख अंक प्रभावित होने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन देने पर नोटिस या हटाने की धमकी नहीं देने की मांग कर्मचारियों ने कहा कि अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन देने या लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने पर उन्हें नोटिस देने अथवा नौकरी से हटाने की धमकी नहीं दी जानी चाहिए। रैली या सामाजिक कार्यक्रमों के बाद सड़कों पर फैले कचरे की सफाई के लिए आयोजकों से 10 हजार रुपए सफाई खर्च लेने की मांग भी रखी गई है। इसके अलावा सेवानिवृत्ति से छह माह पहले कर्मचारियों के सभी देयकों का भुगतान करने, परिवार के सदस्य को सफाई कर्मचारी के पद पर नियुक्ति देने तथा दैनिक वेतनभोगी और स्थायी कर्मचारियों की अद्यतन वरिष्ठता सूची संयुक्त मोर्चे को उपलब्ध कराने की मांग की गई है। 5 अक्टूबर तक सुनवाई नहीं हुई तो काम बंद कर्मचारियों का कहना है कि मांगों को लेकर लंबे समय से अधिकारियों को ज्ञापन दिए जा रहे हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते अब भूख हड़ताल शुरू की गई है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि 5 अक्टूबर तक मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो इसके बाद काम बंद हड़ताल शुरू की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

