दलोदा पुलिस ने वाहन चोरी का किया खुलासा, तीन मोटरसाइकिल बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार

मंदसौर। दलोदा थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपए बताई गई है। रिंगनोद थाना क्षेत्र के ग्राम रोला निवासी मुकेश पाटीदार ने दलोदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दलोदा में विनायक स्कूल के सामने उसकी दुकान है। 26 सितंबर को सुबह करीब 8 बजे उसने अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल दुकान के सामने खड़ी की थी। मोटरसाइकिल का पंजीयन क्रमांक एमपी 43 डीएस 4051 था। करीब आधे घंटे बाद बाहर आकर देखा तो मोटरसाइकिल गायब थी। अज्ञात बदमाश उसे चोरी कर ले गया था। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने टीम गठित कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल के आसपास और संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले गए। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राजू पिता मोहनलाल मीणा (30), निवासी निंबोद, थाना भावगढ़, जिला मंदसौर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी गई हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने दलोदा थाना क्षेत्र सहित अन्य स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करना बताया। उसकी निशानदेही पर ग्राम धुंधड़का और दलोदा कस्बे से पहले चोरी हुई दो अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद की गईं। बरामद मोटरसाइकिलों में हीरो स्प्लेंडर प्लस, पंजीयन क्रमांक एमपी 43 डीएस 4051, हीरो सुपर स्प्लेंडर, पंजीयन क्रमांक एमपी 14 जेडएल 5922 और हीरो सुपर स्प्लेंडर, पंजीयन क्रमांक एमपी 14 एमयू 7124 शामिल हैं। तीनों वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपए है। कार्रवाई में दलोदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रविंद्र प्रताप डांगी, प्रधान आरक्षक जितेंद्र त्रिवेदी, प्रधान आरक्षक दीपेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक यादवेन्द्र सिंह, आरक्षक सुनील यादव और आरक्षक युवराज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Sep 29, 2026 - 08:13
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0