जमीन में हिस्सा मांगने पर विधवा महिला और भाई से मारपीट, जान से मारने की धमकी घाटाखेड़ी में ससुर और दो देवरों पर गाली-गलौज व मारपीट का आरोप; नाहरगढ़ पुलिस ने दर्ज किया केस
पिपलिया स्टेशन। ग्राम घाटाखेड़ी में जमीन में हिस्सा मांगने की बात को लेकर एक विधवा महिला और उसके भाई के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर नाहरगढ़ पुलिस ने उसके ससुर और दो देवरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घाटाखेड़ी निवासी रीना (30) पति स्व. रोडुलाल बंजारा ने नाहरगढ़ थाने में दिए आवेदन में बताया कि वह खेती-मजदूरी का काम करती है। उसके पति रोडुलाल की करीब डेढ़ वर्ष पहले दुर्घटना में मौत हो गई थी। महिला के अनुसार, पति की मृत्यु से पहले से ही वह परिवार से अलग रह रहे थे और उनकी जमीन-जायदाद भी अलग थी। पति की मृत्यु के बाद अब वह जमीन में अपने हिस्से की मांग कर रही है, लेकिन ससुराल पक्ष उसे हिस्सा नहीं दे रहा है। रीना ने बताया कि उसका भाई महेंद्र पिता भग्गाजी बंजारा, निवासी हरिशपुरा, जिला झालावाड़, उसकी बेटी को अपने साथ रखने के लिए घाटाखेड़ी आया था। सुबह करीब 7 बजे वह और उसका भाई घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान उसके ससुर मांगीलाल पिता दयाराम बंजारा तथा देवर ईश्वर और श्रवण वहां पहुंचे। महिला के अनुसार, तीनों ने जमीन में हिस्सा मांगने की बात को लेकर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। रीना ने गाली देने से मना किया तो तीनों ने उसके और उसके भाई महेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान तीनों ने धमकी दी कि भविष्य में जमीन में हिस्सा मांगा तो जान से खत्म कर देंगे। महिला की शिकायत के आधार पर नाहरगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

