15 सूत्रीय मांगों पर नपा कर्मचारियों की काम बंद हड़ताल भूख हड़ताल के बाद कर्मचारियों ने काम बंद किया, झाडू लेकर निकाली रैली; स्थायीकरण और समय पर वेतन सहित कई मांगें

मंदसौर। नगर पालिका कर्मचारियों का 15 सूत्रीय मांगों को लेकर 19 सितंबर से चल रहा आंदोलन सोमवार को काम बंद हड़ताल में बदल गया। 26 सितंबर की शाम से भूख हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने सोमवार को गांधी चौराहे से झाडू लेकर रैली निकाली और मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले दो वर्षों से मांगों को लेकर लगातार ज्ञापन दे रहे हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। प्रमुख मांगों में 15 से 20 वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को स्थायी करना, अनुकंपा नियुक्ति और समय पर वेतन देना शामिल है। संयुक्त मोर्चे ने शहर के विस्तार को देखते हुए 100 पुरुष और 100 महिला सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति तथा तीन वर्ष की सेवा पूरी होने के बाद उन्हें स्थायी करने की मांग की है। कर्मचारियों ने आउटसोर्सिंग, ठेका पद्धति और एनजीओ के माध्यम से सफाई व्यवस्था संचालित करने का विरोध किया है। कर्मचारियों ने आठ घंटे से अधिक काम नहीं लेने, अतिरिक्त काम कराने पर भत्ता देने और अवकाश के दिन काम करने पर वेतन देने की मांग की है। बिना पक्ष सुने कर्मचारी को नौकरी से नहीं हटाने, ईपीएफ, सेवा पुस्तिका और हर महीने वेतन पर्ची उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है। कर्मचारियों ने हर महीने 1 से 7 तारीख के बीच वेतन देने की मांग की है। उनका आरोप है कि कई बार सफाई कर्मचारियों को 15 से 20 तारीख तक किस्तों में वेतन मिलता है। इससे बैंक ऋण की किस्त समय पर जमा नहीं होने पर पेनल्टी और सिबिल स्कोर प्रभावित होने जैसी परेशानियां होती हैं। मोर्चे ने मांगों को लेकर ज्ञापन देने पर नोटिस या नौकरी से हटाने की धमकी नहीं देने की मांग की है। रैली या सामाजिक कार्यक्रमों के बाद सड़क पर फैले कचरे की सफाई के लिए आयोजकों से 10 हजार रुपए सफाई खर्च लेने की मांग भी की गई है। इसके अलावा सेवानिवृत्ति से छह महीने पहले कर्मचारियों के सभी देयकों का भुगतान करने, परिवार के एक सदस्य को सफाई कर्मचारी के पद पर नियुक्ति देने तथा दैनिक वेतनभोगी और स्थायी कर्मचारियों की अद्यतन वरिष्ठता सूची संयुक्त मोर्चे को उपलब्ध कराने की मांग की गई है। कर्मचारियों का कहना है कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया गया। भूख हड़ताल के बाद अब काम बंद हड़ताल शुरू की गई है।

Oct 6, 2026 - 08:19
 0  0

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0