दलौदा टीआई पर धमकी देने का आरोप, गांधी चौराहे पर धरने पर बैठी महिला छेड़छाड़ की शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने और पति को एनडीपीएस केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप, एसपी को दिया आवेदन
मंदसौर। दलौदा थाना प्रभारी रवींद्रसिंह डांगी पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए एक महिला शनिवार को मंदसौर के गांधी चौराहे पर धरने पर बैठ गई। महिला का आरोप है कि उसके साथ छेड़छाड़ की घटना की शिकायत लेकर थाने पहुंचने पर एफआईआर दर्ज करने के बजाय थाना प्रभारी ने उसके पति को एनडीपीएस के मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। महिला ने एसपी को आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। एसपी को दिए आवेदन में महिला ने बताया कि 24 सितंबर की शाम वह स्टेशन रोड से अपने मायके जा रही थी। इसी दौरान गोलू केथवास, अब्बु केथवास और विकास लक्षकार बाइक से वहां पहुंचे। महिला का आरोप है कि गोलू केथवास ने रास्ता रोककर उसका हाथ पकड़ा और बुरी नीयत से कार्यालय की ओर धकेलने का प्रयास किया। उसके अनुसार, अब्बु और विकास ने भी उसे कार्यालय की ओर धक्का दिया। महिला ने शोर मचाकर अपना हाथ छुड़ाया। महिला ने आवेदन में बताया कि घटना के बाद अब्बु और विकास ने उसे धमकी दी कि यदि उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो उसके पति को जान से मार दिया जाएगा। इस धमकी के कारण वह डर गई और तत्काल किसी को घटना की जानकारी नहीं दे सकी। 4 अक्टूबर को महिला ने हिम्मत जुटाकर मंदसौर महिला थाने पहुंचकर शिकायत की। महिला का कहना है कि वहां से उसे संबंधित थाना दलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कहा गया। इसके अगले दिन वह दलौदा थाने पहुंची। टीआई पर पति को एनडीपीएस केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप महिला का आरोप है कि दलौदा थाना प्रभारी रवींद्रसिंह डांगी ने उसे धमकाते हुए कहा कि यदि उसने गोलू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई तो उसके पति को एमडी के मामले में जेल में डाल दिया जाएगा। महिला के अनुसार, इसके बाद उसने एसपी के नाम आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। शिकायत पर कार्रवाई की मांग को लेकर वह शनिवार को गांधी चौराहे पर धरने पर बैठ गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0

